![]()
कैथल में सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा एवं प्रबंधन संबंधी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलेभर में ये सुरक्षा प्रबंध लागू किए गए हैं ताकि कांवड़ यात्री सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण कर सकें। मामले को लेकर डीएसपी बीर भान ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता की। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान जिले में 4 प्रमुख पुलिस नाके स्थापित किए गए हैं, जहां पुलिस कर्मियों की चौबीसों घंटे ड्यूटी रहेगी। इसके अतिरिक्त 17 पुलिस राइडर लगातार गश्त करेंगे तथा 7 पेट्रोलिंग पार्टियां निर्धारित मार्गों पर सक्रिय रहकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करेंगी। प्रमुख मार्गों, धार्मिक स्थलों तथा कांवड़ यात्रा के रूटों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार कुछ स्थानों पर ट्रैफिक रूट डायवर्ट किए गए हैं तथा यातायात पुलिस को भी अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी के आदेश जिले के सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात संचालन को सुचारु रखने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। सभी अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा श्रद्धालुओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के आदेश जारी किए गए हैं। श्रद्धालुओं से विशेष अपील डीएसपी बीर भान ने कांवड़ यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि सभी श्रद्धालु यातायात नियमों का पालन करें तथा सड़क के बायीं ओर निर्धारित स्थान पर ही चलें। समूह में यात्रा करने वाले श्रद्धालु अनावश्यक रूप से पूरी सड़क घेरकर न चलें। रात्रि के समय यात्रा करने वाले श्रद्धालु रिफ्लेक्टिव जैकेट अथवा चमकीले कपड़ों का प्रयोग करें ताकि दूर से उनकी पहचान आसानी से हो सके। किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और किसी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। कांवड़ शिविर लगाने वाले आयोजकों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश डीएसपी ने शिविर संचालकों से अपील करते हुए कहा कि सभी कांवड़ शिविर निर्धारित नियमों के अनुसार ही लगाए जाएं। शिविर का पंडाल सड़क से कम से कम 10 फीट अंदर लगाया जाए तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के लिए शिविर आने की दिशा के बायीं ओर ही स्थापित किया जाए। शिविरों के बाहर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न किया जाए जिससे यातायात बाधित हो।
Source link
कैथल में 4 नाके, 7 पेट्रोलिंग टीम, 17 राइडर लगाए:कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा की तैयारी, डीएसपी बोले-शिवभक्त करें नियमों का पालन
