![]()
गाजीपुर पुलिस ने मुख्तार अंसारी गैंग के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार की सुबह 12 बजे गैंग के प्रमुख शूटर अंगद राय उर्फ झूलन राय की लगभग 9.30 करोड़ रुपये (बाजार मूल्य) की संपत्ति कुर्क की गई। यह कार्रवाई भांवरकोल थाना क्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट के तहत न्यायालय के आदेश पर हुई। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर संपत्ति पर जब्ती का नोटिस चस्पा किया और मुनादी भी कराई। पुलिस के अनुसार, अंगद राय लंबे समय तक मुख्तार अंसारी गिरोह का सक्रिय सदस्य और प्रमुख शूटर रहा है। उसके खिलाफ गाजीपुर कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। यह कुर्की उसी मुकदमे के क्रम में उसकी अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान के बाद की गई। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य गैंग के आर्थिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना है। जल्द ही अन्य चिन्हित संपत्तियों पर भी कार्रवाई की जाएगी और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई तेज की जाएगी। जब्ती नोटिस में स्पष्ट उल्लेख है कि संबंधित संपत्ति गैंगस्टर एक्ट के प्रावधानों के अंतर्गत कुर्क की गई है। सक्षम न्यायालय की अनुमति के बिना इस संपत्ति का कोई भी क्रय-विक्रय, हस्तांतरण, कब्जा परिवर्तन या किसी प्रकार का लेन-देन दंडनीय होगा। आमजन को भी सचेत किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति इस संपत्ति के संबंध में किसी प्रकार का व्यवहार करता है, तो वह स्वयं उसके लिए जिम्मेदार होगा। पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा ने बताया कि मुख्तार अंसारी गिरोह की अवैध कमाई से बनाई गई चल-अचल संपत्तियों की लगातार जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में ऐसे मामलों में और भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी। अंगद राय का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस अभिलेखों के अनुसार अंगद राय उर्फ झूलन राय लंबे समय से मुख्तार अंसारी गैंग का सक्रिय सदस्य रहा है। उसके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज रहे हैं। पुलिस का दावा है कि वह गिरोह के लिए शूटर के रूप में सक्रिय भूमिका निभाता था और संगठित अपराध के जरिए अर्जित संपत्तियों की जांच के बाद ही यह कुर्की की कार्रवाई की गई है।
Source link
