Headlines

डेंगू-मलेरिया पर सख्ती, घर-घर पहुंचेगी चिकित्सा विभाग की टीम:घर में मिला मच्छरों का लार्वा तो भरना पड़ेगा जुर्माना, नोटिस मिलेगा; 4 अगस्त से चलेगा अभियान




मानसून के दौरान और उसके बाद जिले में फैलने वाले डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे रोगों की रोकथाम के लिए चिकित्सा विभाग एक्शन मोड में आ गया है। विभाग की टीमें घर-घर जाकर सर्वे करेंगी और कूलर, टंकी, गमलों सहित पानी जमा होने वाले स्थानों की जांच करेंगी। अगर किसी घर में मच्छरों का लार्वा मिला तो संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया जाएगा और नियमानुसार चालान भी बनाया जाएगा। विभाग ने लोगों से साफ-सफाई रखने और पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग कोटा की ओर से मंगलवार से पूरे जिले में स्वास्थ्य दल आपके द्वार विशेष अभियान चलाया जाएगा, जो 27 अगस्त तक जारी रहेगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.नरेन्द्र नागर की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पिछले सालों के आंकड़ों के विश्लेषण से सामने आया है कि अगस्त, सितंबर, अक्टूबर और नवंबर महीनों में डेंगू और मलेरिया के मामलों में सबसे अधिक बढ़ोतरी होती है। इसी के चलते अभियान शुरू किया जा रहा है। व्यापक स्तर पर फील्ड गतिविधियां संचालित करेगा चिकित्सा विभाग अभियान के तहत चिकित्सा विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर फील्ड गतिविधियां संचालित की जाएंगी। जिसमें डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर, आशा, एएनएम और सीएचओ की टीमें घर-घर जाकर बुखार के मरीजों का सर्वे करेंगी और जरूरत पड़ने पर मौके पर ही ब्लड स्लाइड बनाएंगी। टीमें जलभराव वाले स्थानों पर एंटी-लार्वा, एंटी-एडल्ट और आईईसी गतिविधियां करेंगी। सर्वे और एंटी-लार्वा गतिविधियों की पारदर्शी ट्रैकिंग के लिए मरूधर ऐप के माध्यम से दैनिक रिपोर्टिंग जरूरी की गई है। नगर निगम और पंचायती राज की भी तय हुई जवाबदेही शहरी क्षेत्रों में नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज विभाग को अभियान से जोड़ा गया है। नालियों और गंदे पानी के स्रोतों में एमएलओ डालना, नालियों की गहरी सफाई और नियमित फोगिंग करवाना, सड़कों के गड्ढों को भरना, खाली पड़े प्लॉटों से गंदगी व एकत्रित पानी को हटवाना और बड़े जल निकायों की सफाई सुनिश्चित करना, पंचायती राज विभाग से जुड़े कर्मचारी मॉनिटिरिंग करेंगे। कचरा संग्रहण हूपर गाड़ियों और मुनादी के जरिए आमजन को सफाई के प्रति जागरूक किया जाएगा। घर में लार्वा मिला तो कटेगा चालान प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निरीक्षण के दौरान जिन घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों या संस्थानों में पानी की टंकियों, परिंडों, कूलरों आदि में मच्छर के लार्वा पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त नोटिस और चालान किए जाएंगे। सीएमएचओ ने जिले के सभी ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों , अस्पताल प्रभारियों तथा समस्त सीएचसी, पीएचसी और यूपीएचसी प्रभारियों को अभियान की सफलता के लिए पाबंद किया है। इसके साथ ही जिला कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त, जिला परिषद सीईओ और उपखंड अधिकारियों को भी समन्वय स्थापित करने के लिए लेटर लिखा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *