![]()
खिलचीपुर में सोमवार को साफ-सफाई व्यवस्था की हकीकत सामने आने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। एसडीएम ज्योति बगबैया और नगर परिषद सीएमओ देवनारायण दांगी ने शहर का निरीक्षण किया। इस दौरान बस स्टैंड से लेकर नदी पुल और होटल तक कई स्थानों पर गंदगी मिली। सबसे कड़ी कार्रवाई छापीहेड़ा नाके स्थित एक होटल पर हुई, जहां गंदगी मिलने पर ₹5 हजार का जुर्माना लगाया गया और दोबारा लापरवाही मिलने पर एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी गई। निरीक्षण की शुरुआत खिलचीपुर बस स्टैंड से हुई। सड़क पर फैली गंदगी देखकर एसडीएम ने नाराजगी जताई और सीएमओ को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के मेट अखिलेश झाला और अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। डेयरी और नदी पुल पर मिली गंदगी
इसके बाद टीम तोपखाना गेट पहुंची, जहां एक दूध डेयरी के बाहर कचरा पड़ा मिला। एसडीएम ने दुकानदार को तुरंत सफाई कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान गाड़गांगा नदी के छोटे पुल पर भी बड़ी मात्रा में कचरा मिला। स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर का कचरा यहीं डाला जाता है। इस पर एसडीएम ने सीएमओ को फटकार लगाते हुए कहा कि भविष्य में यहां कचरा नहीं डाला जाए और तत्काल सफाई कराई जाए, क्योंकि सावन के दौरान गंदगी से लोगों की आस्था और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित होते हैं। होटल में गंदगी देख भड़के अधिकारी
निरीक्षण के दौरान टीम छापीहेड़ा नाके स्थित मालाकार होटल पहुंची। यहां गंदगी, खुले में फैला कचरा और पीने के पानी की खराब व्यवस्था देखकर एसडीएम ज्योति बगबैया ने होटल संचालक राहुल मालाकार को फटकार लगाई। एसडीएम ने होटल में मौजूद लोगों से कहा, “इतनी गंदगी में आप लोग नाश्ता कैसे कर रहे हैं?” उन्होंने पीने के पानी के लिए रखे वाटर कूलर में भी गंदगी देखकर उसे तुरंत साफ कराने के निर्देश दिए। सीएमओ बोले- 8 दिन में सुधार नहीं हुआ तो होगी FIR
सीएमओ देवनारायण दांगी ने होटल संचालक को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आठ दिन के भीतर सफाई व्यवस्था नहीं सुधरी तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने होटल परिसर में फैले तेल और कचरे पर भी नाराजगी जताई और कहा कि डस्टबिन की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। सीएमओ ने वहां मौजूद लोगों से भी कहा कि गंदगी वाली जगह पर भोजन करने से बीमारियां फैलती हैं और साफ-सफाई को लेकर सभी को जागरूक होना चाहिए। ₹5 हजार का जुर्माना, डिस्पोजल गिलास पर रोक
नगर परिषद ने मौके पर ही होटल संचालक पर ₹5 हजार का जुर्माना लगाया। साथ ही निर्देश दिए कि भविष्य में डिस्पोजल गिलास का उपयोग नहीं किया जाएगा और ग्राहकों को केवल साफ कांच के गिलास में चाय परोसी जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने शहर के सभी दुकानदारों को निर्देश दिए कि वे कचरा केवल डस्टबिन में ही डालें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि शहर की सफाई व्यवस्था में अब किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Source link
गंदगी देखकर एसडीएम ने सीएमओ को फटकारा:बोलीं- सावन में गंदगी से लोगों की आस्था और स्वास्थ्य होंगे खराब; साफ कराएं
