![]()
बुरहानपुर जिले की नेपानगर तहसील के कई गांवों के किसान केला फसल नुकसान की सहायता राशि नहीं मिलने से परेशान हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 30 जुलाई को सिंगल क्लिक से सहायता राशि जारी की थी। इसके बावजूद करीब एक सप्ताह बाद भी कई किसानों के बैंक खातों में राशि नहीं पहुंची। इससे नाराज किसान मंगलवार को शिकायत लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे। नावरा, घाघरला और डालमहू सहित कई गांवों के किसानों ने अधिकारियों को बताया कि तेज आंधी और बारिश से उनकी केला फसल को भारी नुकसान हुआ था। शासन से राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अब तक कई किसानों के खातों में सहायता राशि जमा नहीं हुई। सूची में नाम, फिर भी खाते खाली किसानों का कहना है कि मुआवजा सूची में नाम शामिल होने के बावजूद उनके बैंक खातों में भुगतान नहीं पहुंचा है। सहायता राशि नहीं मिलने के कारण उन्हें लगातार नेपानगर तहसील कार्यालय, कृषि विभाग और संबंधित बैंकों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। किसानों का आरोप है कि हर बार उन्हें यही आश्वासन दिया जाता है कि “एक-दो दिन में राशि खाते में आ जाएगी”, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ है। 30 जुलाई को जारी हुई थी सहायता राशि सीएम डॉ. मोहन यादव ने 30 जुलाई को सिंगल क्लिक के माध्यम से बुरहानपुर जिले के प्राकृतिक आपदा प्रभावित किसानों के खातों में सहायता राशि जारी की थी। इसका उद्देश्य तेज आंधी और बारिश से प्रभावित किसानों को तत्काल राहत उपलब्ध कराना था।
Source link
नेपानगर में केला फसल मुआवजा अटका:सिंगल क्लिक से राशि जारी होने के बाद भी किसानों के खाते खाली; शिकायत लेकर SDM ऑफिस पहुंचे
