Headlines

पटना में बिल्डर भूषण सिंह गिरफ्तार:कई लोगों से रुपए लिए, जमीन नहीं दिए; 5 करोड़ से अधिक की ठगी के आरोप




पटना में ग्रीन हाउसिंग सोसाइटी के नाम से कारोबार करने वाले बिल्डर भूषण सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, भूषण सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी से जुड़े 5 केस श्री कृष्णापुरी थाने में रजिस्टर्ड है। लंबे समय से नोटिस दिए जाने के बावजूद वह जांच में सहयोग नहीं कर रहा था, जिसके बाद अदालत से जारी वारंट के आधार पर उसकी गिरफ्तारी की गई। जमीन दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोप श्रीकृष्णापुरी थाना प्रभारी जितेंद्र राणा ने बताया, ‘भूषण सिंह प्रॉपर्टी खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़ा है। आरोप है कि उसने कई लोगों से जमीन दिलाने के नाम पर रुपये लिए, लेकिन न तो जमीन उपलब्ध कराई और न ही पैसे लौटाए। पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग पीड़ितों की शिकायत पर श्रीकृष्णापुरी थाने में कुल पांच मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में करीब 5 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप है। कोर्ट के वारंट पर हुई कार्रवाई थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को कई बार नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने के लिए कहा गया था, लेकिन वह लगातार अनुपस्थित रहा। इसके बाद अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद थाने पहुंचे समर्थक और वकील भूषण सिंह की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही उसके समर्थक और वकील श्रीकृष्णापुरी थाने पहुंच गए। देर रात तक उसे छुड़ाने की कोशिश होती रही, लेकिन पुलिस ने किसी भी दबाव में कार्रवाई नहीं रोकी। बाद में सभी लोग वापस लौट गए। भूषण सिंह के पक्ष के लोगों का कहना है कि उन्हें नोटिस रिसीव नहीं कराया गया था और सीधे बुलाकर गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं पुलिस का दावा है कि आरोपी को कई बार नोटिस भेजे गए, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया और न ही जांच में सहयोग किया। मुजफ्फरपुर तक फैला है कारोबार पुलिस के मुताबिक, भूषण सिंह ने अपना कारोबार मुजफ्फरपुर तक भी फैला रखा है, जहां उसने शोरूम समेत अन्य व्यावसायिक गतिविधियां शुरू की हैं। पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश करेगी और जरूरत पड़ने पर अन्य मामलों में पूछताछ के लिए रिमांड की मांग भी कर सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही अन्य शिकायतों और संभावित पीड़ितों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *