![]()
यमुनानगर के कलेसर जंगल में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। वन विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लकड़ी से भरी कार को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी सरकारी टीम को चकमा देकर फरार हो गए। आरोप है कि इस दौरान एक आरोपी ने मोटरसाइकिल से सरकारी वाहन का रास्ता रोककर अपने साथियों को भागने में मदद की। इतना ही नहीं आरोपी ने वन विभाग के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और गांव में आने पर जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में वन विभाग की शिकायत पर प्रताप नगर थाना पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घर में छिपाकर रखी थी लकड़ी वन्यजीव निरीक्षक राजबीर ने पुलिस को बताया कि पिछले बुधवार को डाडापुर बीट के गांव चिक्कन स्थित कलेसर में छह खैर के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया था। इस संबंध में फॉरेस्ट ऑफेंस रिपोर्ट दर्ज कर लकड़ी और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई थी। इसके बाद रविवार को उन्हें गुप्त सूचना मिली कि इन पेड़ों की कटाई गांव चिक्कन के असलम, मुरसलीन और जाकिर ने मिलकर की है। सूचना में बताया गया कि काटे गए पेड़ों की लकड़ी मुरसलीन के घर पर छिपाकर रखी गई है और उसी दिन उसे सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार में भरकर बाजार में बेचने के लिए ले जाया जाएगा। टीम को जान से मारने की धमकी शिकायतकर्ता के अनुसार सूचना मिलने के बाद वह अपनी टीम के साथ सरकारी वाहन में मौके पर पहुंचे और निगरानी शुरू कर दी। दोपहर गांव चिक्कन की ओर से सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार आती दिखाई दी, जिसमें खैर की लकड़ी भरी हुई थी। वन विभाग की टीम ने कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से भाग निकला। इसके बाद टीम ने सरकारी वाहन से उसका पीछा किया। राजबीर ने बताया कि जब वन विभाग की टीम फरार कार का पीछा कर रही थी, तभी मुरसलीन मोटरसाइकिल लेकर सरकारी वाहन के आगे आ गया। उसने जानबूझकर रास्ता रोककर लकड़ी से भरी कार को भागने में मदद की। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस इतना ही नहीं, उसने वन विभाग की टीम के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, गांव में आने पर जान से मारने की धमकी दी और सरकारी कार्रवाई में बाधा उत्पन्न की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link
यमुनानगर के कलेसर जंगल में खैर की अवैध कटाई:वन विभाग टीम को धमकाया, लकड़ी से भरी कार लेकर आरोपी फरार; 6 पेड़ काटे
