![]()
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड स्थित बंदरझूला पंचायत में नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का उद्घाटन किया गया है। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इस भवन का लोकार्पण जदयू विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने फीता काटकर किया। इससे ग्रामीणों का वर्षों पुराना इंतजार समाप्त हो गया। उद्घाटन समारोह के दौरान पंचायत के मुखिया इकरामुल हुसैन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल का स्वागत किया। इस अवसर पर एक जनसभा का भी आयोजन किया गया, जिसमें विधायक ने लोगों को संबोधित किया। किसानों और बुजुर्गों को सर्वाधिक लाभ मिलेगा
जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने कहा कि बंदरझूला पंचायत सरकार भवन के क्रियाशील होने से दूर-दराज के गरीब किसानों और बुजुर्गों को सर्वाधिक लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि पहले लोगों को जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और पेंशन जैसे छोटे निजी व प्रशासनिक कार्यों के लिए प्रखंड मुख्यालय तक कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता था। विधायक ने बताया कि अब इस नए भवन में पंचायत स्तर के सभी जन कल्याणकारी कार्य संचालित किए जाएंगे। आरटीपीएस काउंटर, हल्का कर्मचारी और लोक शिकायत निवारण से जुड़े सभी कार्य एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे, जिससे ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी। संबंधित सभी दस्तावेज विभाग को भेज दिए गए
विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने सुरजापुरी आरक्षण के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने कहा कि सुरजापुरी आरक्षण से संबंधित सभी दस्तावेज विभाग को भेज दिए गए हैं और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग इस पर काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही आयोग की टीम किशनगंज का दौरा करेगी और सभी पहलुओं का सर्वेक्षण करेगी। इसके बाद कैबिनेट में इसे मंजूरी दी जाएगी। विधायक ने जोर दिया कि जहां अन्य समाज आगे बढ़ रहे हैं, वहीं सुरजापुरी समाज लगातार पीछे हो रहा है। इस अवसर पर बीडीओ आशीष कुमार, बीपीआरओ अजीत कुमार, विधायक प्रतिनिधि सिराजुद्दीन, जदयू प्रखंड अध्यक्ष बीरेन्द्र कुमार सहित कई स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
Source link
किशनगंज में पंचायत सरकार भवन का उद्घाटन:अब गांव में मिलेंगी RTPS-पेंशन की सेवाएं, विधायक ने सुरजापुरी आरक्षण पर भी दिया अपडेट
