Headlines

हिमाचल सीएम पर भाजपा हमलावर:राणा बोले-सरकार नहीं, सिंडिकेट चला रहे; सुक्खू को 'सबसे ज्यादा कर्ज लेने और झूठ बोलने वाला मुख्यमंत्री' बताया




हिमाचल भाजपा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। BJP के वरिष्ठ प्रवक्ता राजिंदर राणा ने शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार आर्थिक, प्रशासनिक और राजनीतिक सभी मोर्चों पर विफल रही है। उन्होंने कहा- मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार लोकतांत्रिक तरीके से नहीं, बल्कि कुछ चुनिंदा लोगों के प्रभाव में चल रही है। राणा ने दावा किया कि मुख्यमंत्री सुक्खू को प्रदेश के इतिहास में पांच ऐसी पहचान मिली हैं, जिनमें उत्तर भारत के सबसे अमीर मुख्यमंत्री, सबसे अधिक कर्ज लेने वाले मुख्यमंत्री, सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाले मुख्यमंत्री, अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने वाले मुख्यमंत्री और राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम करने वाले मुख्यमंत्री शामिल हैं। ‘सरकार नहीं, सिंडिकेट चला रहा है प्रदेश’ राजिंदर राणा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय के इर्द-गिर्द कुछ प्रभावशाली लोगों का समूह सरकार के फैसलों को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने कहा कि सचिवालय में अधिकारियों की नियुक्तियों से लेकर विभिन्न प्रशासनिक निर्णयों तक इन्हीं लोगों का प्रभाव दिखाई देता है। भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि जनता के टैक्स का पैसा विकास कार्यों के बजाय सलाहकारों, ओएसडी और राजनीतिक नियुक्तियों पर खर्च किया जा रहा है। कर्ज बढ़ा, लेकिन विकास नहीं दिखा: भाजपा प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए राणा ने कहा कि वर्तमान सरकार ने रिकॉर्ड स्तर पर कर्ज लिया है, लेकिन इसके बावजूद विकास कार्य धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कों की स्थिति खराब है, पुल क्षतिग्रस्त हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित है। भाजपा नेता ने कहा कि केंद्र सरकार से विभिन्न योजनाओं के लिए धन मिलने के बावजूद सरकार उसका प्रभावी उपयोग नहीं कर पाई। HRTC, कर्मचारियों और पर्यटन को लेकर भी लगाए आरोप राणा ने आरोप लगाया कि हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) आर्थिक संकट से जूझ रहा है और कई बस रूट प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी और पेंशनभोगी भी विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। साथ ही आरोप लगाया कि सरकार पर्यटन निगम की लाभकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी कर रही है। विपक्ष को दबाने के लिए दर्ज हो रहे झूठे मुकदमे भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर राजनीतिक प्रतिशोध के तहत झूठे मुकदमे दर्ज करवा रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता बदलने पर कानून का दुरुपयोग करने वालों से जवाब मांगा जाएगा। मुख्यमंत्री द्वारा लगाए गए आरोपों का उल्लेख करते हुए राणा ने कहा कि यदि सरकार के पास कोई ठोस सबूत हैं तो उन्हें अदालत में पेश किया जाना चाहिए। 2027 चुनाव का भी किया जिक्र राजिंदर राणा ने दावा किया कि पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों में जनता ने कांग्रेस सरकार को संदेश दे दिया है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। भाजपा नेता ने दावा किया कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है, जबकि कांग्रेस के भीतर असंतोष बढ़ रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *