![]()
झाबुआ शहर के कॉलेज मार्ग पर स्थित सर्किट हाउस के पास बनी तालाब की पुलिया इन दिनों खतरे में है। इसकी जर्जर हालत को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर पुलिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस शहर अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राठौड़ और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान स्थानीय रहवासियों ने विधायक डॉ. भूरिया को पुलिया की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पुलिया की सुरक्षा दीवार में कई जगह बड़ी दरारें आ गई हैं। बारिश के मौसम में तालाब का जलस्तर बढ़ने पर स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन चालक और राहगीर गुजरते हैं, जिनकी सुरक्षा पर हर वक्त खतरा मंडराता रहता है। स्थानीय लोगों ने किसी भी बड़े हादसे की आशंका जताई। आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता स्थिति का जायजा लेने के बाद विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी जनहानि को टालने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं। विधायक ने अधिकारियों से पुलिया की तुरंत मरम्मत कराने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने को कहा। इस अवसर पर कांग्रेस शहर अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राठौड़ और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की कि क्षतिग्रस्त पुलिया की दीवार का तत्काल तकनीकी परीक्षण कराया जाए। उन्होंने युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य शुरू करने की अपील की, ताकि भविष्य में किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
Source link
झाबुआ में तालाब की पुलिया जर्जर:विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने दिए तत्काल मरम्मत के निर्देश
