Headlines

सरपंच पति के घर से 10 लाख का सागौन जब्त:बालोद में वन विभाग की कार्रवाई, फर्नीचर, मेटाडोर और मशीनें भी मिलीं




बालोद वन परिक्षेत्र के ग्राम अंगारी में वन, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने ग्राम पंचायत की सरपंच के पति अश्विनी डड़सेना के ठिकाने पर छापा मारकर अवैध रूप से संग्रहित सागौन लकड़ी, महंगे फर्नीचर, एक मेटाडोर और लकड़ी काटने की मशीनें जब्त कीं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, जब्त सामग्री की कीमत 10 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। हालांकि, वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि माप और मूल्यांकन पूरा होने के बाद ही वास्तविक कीमत का खुलासा होगा। दरअसल, वन विभाग को अंगारी गांव में अवैध रूप से सागौन लकड़ी के भंडारण और परिवहन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के सत्यापन के बाद ही वन, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अश्विनी डड़सेना के परिसर में दबिश दी। कई घंटों तक चली तलाशी के दौरान, डड़सेना के ठिकाने से बड़ी मात्रा में सागौन और अन्य लकड़ियों से बनी सामग्री बरामद हुई। 44 फर्नीचर, 45 लट्ठे-डेंगरी और मेटाडोर जब्त कार्रवाई के दौरान टीम ने सागौन और खम्हार की लकड़ी से बने 44 फर्नीचर जब्त किए, जिनमें दरवाजे, चौखट, पल्ले, टेबल, कुर्सियां और टीवी यूनिट सहित अन्य सामग्री शामिल है। इसके अलावा 29 नग सागौन के लट्ठे और 16 नग सागौन की डेंगरी बरामद की गई। घर के बाहर खड़ी मेटाडोर (सीजी 24 जे 0496) से दो नग चिरान लकड़ी भी जब्त की गई। मौके से कटर, ड्रिल मशीन और लकड़ी काटने के अन्य उपकरण भी बरामद हुए। खेत में छिपाकर रखी लकड़ी भी मिली जांच के दौरान वन अमले ने घर से करीब दो किलोमीटर दूर खेत में छिपाकर रखे गए सागौन के लट्ठे और डेंगरी भी बरामद किए। वन विभाग अब जब्त की गई सभी लकड़ियों की प्रजाति, मात्रा और स्रोत की जांच कर रहा है। दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जा रहा है। माप के बाद स्पष्ट होगी वास्तविक कीमत बालोद वन परिक्षेत्र अधिकारी सरोज कुमार ने बताया कि जब्त सामग्री की गिनती, माप और मूल्यांकन की प्रक्रिया जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही लकड़ी की वास्तविक मात्रा और कीमत स्पष्ट होगी। यदि वन अपराध की पुष्टि होती है तो वन अधिनियम और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। सरपंच पति होने से मामला बना चर्चा का विषय कार्रवाई इसलिए भी सुर्खियों में है, क्योंकि अश्विनी डड़सेना की पत्नी वर्तमान में ग्राम अंगारी की निर्वाचित सरपंच हैं। जनप्रतिनिधि के परिवार से जुड़े व्यक्ति के यहां हुई कार्रवाई के बाद गांव सहित पूरे जिले में इसकी चर्चा रही। डौंडी में ट्रक से 26 नग लकड़ी जब्त इधर, डौंडी वन परिक्षेत्र की टीम ने कंगला मांझी महाविद्यालय के पास गश्त के दौरान एक ट्रक (सीजी 24 वाय 0929) को रोककर जांच की। चालक वैध परिवहन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वाहन जब्त कर वन परिक्षेत्र कार्यालय लाया गया। ट्रक से मुंडी, स्नेहा और नीम प्रजाति की 26 नग लकड़ी बरामद हुई। वन विभाग ने वन अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जुंगेरा की शासकीय भूमि से 15 साजा लट्ठे भी जब्त वन विभाग ने एक अन्य कार्रवाई में ग्राम जुंगेरा की शासकीय भूमि से साजा प्रजाति के 15 इमारती लट्ठे जब्त किए हैं। मुखबिर की सूचना पर राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। अब यह जांच की जा रही है कि लकड़ी किसने काटी, शासकीय भूमि पर क्यों रखी गई और इसमें किन लोगों की संलिप्तता है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *