![]()
मंडी जिले के द्रंग क्षेत्र में नारला-बिजणी सुपर हाईवे के निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने के कारण खतरे की जद में आए दो परिवारों ने घर खाली करवाने के बाद गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया। ये परिवार ग्राम मसेरण, तहसील पधर के निवासी देवेंद्र सिंह और मुरारी लाल के हैं। प्रभावित परिवारों के समर्थन में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी सड़कों पर उतर आए। ग्रामीणों ने निर्माण कंपनी का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए उचित मुआवजे, पुनर्वास और जिम्मेदार अधिकारियों व कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रभावित परिवारों का आरोप है कि गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी की लापरवाही के कारण उनके नए बने मकानों में गहरी दरारें आ गईं। इसके बाद प्रशासन ने उन्हें घर खाली करने के आदेश दिए। अब दोनों परिवार किराए के मकानों में रहने को मजबूर हैं और उचित मुआवजा व पुनर्वास की मांग कर रहे हैं। उपमंडल प्रशासन द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि सुपर हाईवे की ढलान धंसने और उससे उत्पन्न खतरे के मद्देनजर दोनों परिवारों को एहतियातन सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट होने के निर्देश दिए गए हैं। यह नोटिस 4 अगस्त 2026 को ग्रामीण राजस्व अधिकारी, पटवार वृत्त पाली, तहसील पधर द्वारा जारी किया गया था। द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर भी मौके पर पहुंचे इस दौरान द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। विधायक ने कहा कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों और निर्माण कंपनी से मामले का जल्द समाधान निकालने तथा प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने को कहा। जान-माल की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता: एसडीएम एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने कहा कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभाग और निर्माण कंपनी को आवश्यक सुरक्षा उपाय करने और मामले में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रभावित परिवारों के प्रदर्शन के बाद अब इस मामले में प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
Source link
मंडी में हाईवे निर्माण पर विवाद गहराया, कंपनी का घेराव:बेघर परिवारों के समर्थन में ग्रामीणों का प्रदर्शन; कंपनी पर लापरवाही के आरोप
