26 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

2026 का दसवां महीना अक्टूबर शुरू हो गया है। न्यूमरोलॉजी के अनुसार इस महीने का अंक 1 है, यह नई शुरुआत, आत्मविश्वास और नेतृत्व की ऊर्जा वाला महीना है। अंक 1 का स्वामी सूर्य है। यह महीना पुराने कामों को नए तरीके से शुरू करने और रुकी हुई योजनाओं को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा। इस महीने में अपने फैसलों पर भरोसा रखने और लक्ष्य की ओर मजबूती से बढ़ने की कोशिश करनी पड़ेगी। करियर, व्यापार, रिश्तों और व्यक्तिगत जीवन में नई शुरुआत के अवसर सामने आ सकते हैं। अक्टूबर में जल्दबाजी, जिद और अहंकार से बचना होगा।
अकं ज्योतिष के अनुसार जन्म तारीख 1 से 31 तक के लोगों के लिए अक्टूबर अलग-अलग फल दे सकता है, किसी के लिए यह करियर में नई जिम्मेदारी लेकर आएगा, तो किसी के लिए रिश्तों में नई समझ और बदलाव का समय रहेगा। न्यूमेरोलॉजी यानी अंक ज्योतिष में जन्म तारीख के आधार पर भविष्यवाणी की जाती है। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा से जानते हैं आपकी बर्थ डेट के अनुसार 31 अक्टूबर तक का समय कैसा रह सकता है…
अंक 1 (जन्म तारीख: 1, 10, 19, 28)
आत्मविश्वास बढ़ा रहेगा और अपनी क्षमता पर भरोसा मजबूत होगा। पुरानी बातों को छोड़कर आगे बढ़ने का सुनहरा मौका मिलेगा। ऊर्जा का सही इस्तेमाल करें और नियमित दिनचर्या बनाए रखें। नए कामों की शुरुआत करते समय अपने लक्ष्य स्पष्ट रखें और अधूरे कामों को धीरे-धीरे पूरा करने पर ध्यान दें।
प्रोफेशन : नई जिम्मेदारी या बड़ा मौका मिल सकता है। नया विचार हो, तो पहल करने में देर न करें। लगातार मेहनत ही सफलता दिलाएगी, इसलिए तुरंत नतीजों की अपेक्षा न रखें। नेतृत्व करने और अपनी क्षमता साबित करने के अवसर मिल सकते हैं। फैसले लेते समय जल्दबाजी से बचें और लंबे समय के लक्ष्यों पर ध्यान दें।
लव लाइफ : रिश्तों में आपकी आजादी अच्छी है, लेकिन अपने रिश्तों को भी पूरा समय दें। अहंकार से बचें और साथी की बात ध्यान से सुनें। बातचीत के जरिए छोटी गलतफहमियां दूर हो सकती हैं। रिश्ते में अपनी अपेक्षाओं के साथ जीवन साथी की भावनाओं को भी महत्व दें।
शुभ अंक : 1, 10 | शुभ रंग : लाल और सफेद
क्या करें : हर रविवार उगते सूर्य को जल अर्पित करें और ॐ सूर्याय नमः का 11 बार जप करें।
अंक 2 (जन्म तारीख: 2, 11, 20, 29)
मन की बात खुलकर कहने और खुद पर भरोसा रखने की सलाह है। तनाव से बचने के लिए शांत माहौल में समय बिताएं और भावनाओं को संतुलित रखें। किसी भी निर्णय में अपनी भावनाओं के साथ व्यावहारिक पक्ष को भी समझें। खुद के लिए समय निकालने से मानसिक शांति बनी रहेगी और आत्मविश्वास बढ़ेगा।
प्रोफेशन : नई जिम्मेदारी शुरुआत में कठिन लग सकती है, लेकिन यही आपको आत्मनिर्भर बनाएगी। साझेदारी के कामों में सफलता मिल सकती है। भावनाओं में बहकर बड़ा आर्थिक फैसला न लें। कार्यस्थल पर सहयोगियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर चलें। अपनी योजनाओं को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने से अच्छे परिणाम मिल सकते हैं।
लव लाइफ : रिश्ते की टली हुई पुरानी बातचीत फिर शुरू हो सकती है। साथी के साथ भावनात्मक जुड़ाव गहरा होगा। एक-दूसरे के लक्ष्यों का सम्मान करें और मन की बात खुलकर साझा करें। अविवाहित लोगों के लिए किसी खास व्यक्ति से बातचीत शुरू होने के संकेत हैं।
शुभ अंक : 2, 6 | शुभ रंग : सफेद और सिल्वर
क्या करें : हर सोमवार को शिवलिंग पर दूध मिश्रित जल चढ़ाएं और ॐ नमः शिवाय का जप करें।
अंक 3 (जन्म तारीख: 3, 12, 21, 30)
रचनात्मक ऊर्जा से भरपूर रहेंगे। मन शांत रखने के लिए संगीत या हल्की शारीरिक गतिविधि का सहारा लें। नए विचारों को काम में उतारने का प्रयास करें और अपनी प्रतिभा को सही दिशा दें। उत्साह बनाए रखते हुए जरूरी कामों को समय पर पूरा करें, इससे मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास दोनों बेहतर रहेंगे।
प्रोफेशन : लेखन, कला, शिक्षा और मीडिया से जुड़े लोगों के लिए अच्छा समय है। सोच-विचार करने से धन कमाने का नया जरिया मिल सकता है। एक काम पर फोकस रखें और बार-बार दिशा बदलने से बचें। नए आइडिया को सही तरीके से लागू करने से कार्यक्षेत्र में पहचान मिल सकती है। अपनी रचनात्मकता को व्यावहारिक योजना के साथ आगे बढ़ाएं।
लव लाइफ : हंसमुख स्वभाव दूरियां मिटाएगा। साथी के साथ घूमने-फिरने और अच्छा समय बिताने का मौका मिलेगा। अविवाहित लोगों के लिए नए रिश्ते की शुरुआत हो सकती है। रिश्ते में खुलकर बातचीत करें और छोटी बातों को बेवजह तूल न दें।
शुभ अंक : 1, 3 | शुभ रंग : पीला और पीच
क्या करें : हर गुरुवार केले के पेड़ की पूजा करें और ॐ बृं बृहस्पतये नमः का 21 बार जप करें।
अंक 4 (जन्म तारीख: 4, 13, 22, 31)
सोची-समझी योजना और सही तरीके से आगे बढ़ें। थकान को नजरअंदाज न करें और समय पर आराम करें। किसी भी काम में जल्दबाजी करने के बजाय सही रणनीति बनाकर आगे बढ़ना बेहतर रहेगा। अपनी दिनचर्या में आराम और जरूरी कामों के बीच संतुलन बनाए रखें, इससे ऊर्जा बनी रहेगी और काम पर ध्यान केंद्रित कर पाएंगे।
प्रोफेशन : करियर को सही दिशा देने का मौका मिलेगा। दूसरों को आगे बढ़ते देखकर जल्दबाजी न करें। पैसों में स्थिरता बनाए रखने पर ध्यान दें और तुरंत लाभ की उम्मीद न रखें। काम में अनुशासन और निरंतरता बनाए रखने से स्थिति मजबूत होगी। नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं, इसलिए उन्हें व्यवस्थित तरीके से पूरा करें।
लव लाइफ : अपनों से दिल की बात खुलकर कहें। साथी आपकी ईमानदारी की कद्र करेगा। परिवार के साथ समय बिताने से रिश्तों में मजबूती आएगी। पुरानी गलतफहमियों को बातचीत से दूर किया जा सकता है। रिश्ते में भरोसा बनाए रखने के लिए एक-दूसरे को पर्याप्त समय दें।
शुभ अंक : 4, 8 | शुभ रंग: हरा और कत्थई
क्या करें : शनिवार को पीपल के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाएं और हनुमान चालीसा का पाठ करें।
मूलांक 5 (जन्म तारीख: 5, 14, 23)
जीवन में बदलाव लाने की तीव्र इच्छा रहेगी। कोई एक आसान रूटीन चुनें और उस पर टिके रहें। नई चीजें सीखने और अलग तरीके से काम करने का उत्साह बना रहेगा। हालांकि, बार-बार योजनाएं बदलने से बचें और किसी एक लक्ष्य पर पर्याप्त समय दें। संतुलित दिनचर्या आपको मानसिक रूप से अधिक स्थिर रखने में मदद करेगी।
प्रोफेशन : प्रोफेशन में नए प्रयोग के योग हैं। मार्केटिंग, संचार और यात्रा से जुड़े कामों में अच्छे अवसर मिल सकते हैं। बोरियत के कारण नौकरी बदलने का फैसला न लें। नए प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका मिल सकता है। अपनी बातचीत और नेटवर्किंग की क्षमता का सही इस्तेमाल करें, लेकिन बिना पूरी जानकारी के कोई बड़ा फैसला न लें।
लव लाइफ : थोड़ी निजी आजादी की चाहत रहेगी। यह बात साथी को प्यार से समझाएं। छोटी यात्राएं रिश्ते में नयापन ला सकती हैं। साथ में नई गतिविधियां करने से आपसी जुड़ाव बढ़ेगा। रिश्ते में खुलापन बनाए रखें और साथी की जरूरतों को भी समझने की कोशिश करें।
शुभ अंक : 5, 7 | शुभ रंग: टरकॉइज और लाइट ग्रीन
क्या करें : बुधवार को गणेश जी को दूर्वा अर्पित करें और ॐ गं गणपतये नमः का जप करें।
मूलांक 6 (जन्म तारीख: 6, 15, 24)
दूसरों की मदद के साथ अपने लक्ष्यों पर भी ध्यान दें। मानसिक शांति के लिए जिम्मेदारियों से थोड़ा समय खुद के लिए भी निकालें। दूसरों की समस्या अपने ऊपर लेने से बचें और अपनी प्राथमिकताओं को समझें। परिवार और काम की जिम्मेदारियों के बीच खुद के लिए भी पर्याप्त समय निकालें। इससे ऊर्जा और मनोदशा दोनों बेहतर बनी रहेंगी।
प्रोफेशन : मेहनत का श्रेय लेने से न हिचकें। कला, सौंदर्य और परामर्श से जुड़े कामों में लाभ मिल सकता है। घर-परिवार के खर्चों पर नजर रखें। कार्यस्थल पर आपकी रचनात्मकता और जिम्मेदारी की सराहना हो सकती है। आर्थिक मामलों में संतुलन बनाए रखें और जरूरत से ज्यादा खर्च करने से बचें।
लव लाइफ : प्यार और परिवार सबसे ऊपर रहेंगे। वैवाहिक जीवन में मधुरता बढ़ेगी। खुद को थकाकर सबकी समस्याएं न सुलझाएं। साथी के साथ भावनाएं साझा करने से रिश्ता मजबूत होगा। परिवार से जुड़े किसी महत्वपूर्ण मामले में साथी का सहयोग मिल सकता है।
शुभ अंक : 6, 9 | शुभ रंग: पिंक और क्रीम
क्या करें : शुक्रवार को माता लक्ष्मी को गुलाब अर्पित करें और ॐ श्रीं श्रियै नमः का जप करें।
मूलांक 7 (जन्म तारीख: 7, 16, 25)
आराम के दायरे से बाहर निकलना पड़ेगा। दिमाग शांत रखने के लिए एकांत और ध्यान का सहारा लें। अपने विचारों को व्यवस्थित करने के लिए कुछ समय अकेले बिताना फायदेमंद रहेगा। अनावश्यक तनाव और लोगों की बातों में उलझने से बचें। अपनी प्राथमिकताओं पर ध्यान देने से मानसिक स्पष्टता बनी रहेगी।
प्रोफेशन : पढ़ाई, रिसर्च या नए काम की शुरुआत के लिए अनुकूल समय है। अपनी समझ पर भरोसा रखें, लेकिन बिना पूरी जानकारी के जोखिम न लें। नई जिम्मेदारी मिलने पर उसे समझकर आगे बढ़ें। शोध और विश्लेषण से जुड़े कामों में आपकी क्षमता सामने आ सकती है। अपने अनुभव और ज्ञान को बढ़ाने पर ध्यान दें।
लव लाइफ : भावनाएं मन में न रखें और अपनों से खुलकर बात करें। साथी आपको बेहतर समझेगा। रिश्ते में अपनी जरूरतों और भावनाओं को स्पष्ट रूप से व्यक्त करें। किसी पुराने मुद्दे को बातचीत के जरिए सुलझाने का मौका मिल सकता है। अविवाहित लोगों के लिए किसी नए व्यक्ति से जुड़ने की संभावना बन सकती है।
शुभ अंक: 1, 7 | शुभ रंग: सफेद
क्या करें : सोमवार को ॐ कें केतवे नमः मंत्र का जप करें। सफेद चंदन का तिलक लगाएं।
मूलांक 8 (जन्म तारीख: 8, 17, 26)
नए काम की शुरुआत करने का महीना है। काम और आराम के बीच सही तालमेल बनाकर चलें। पुरानी जिम्मेदारियों को व्यवस्थित करके नए लक्ष्यों की ओर बढ़ने का प्रयास करें। लगातार काम करने के बजाय बीच-बीच में आराम भी करें। धैर्य और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने से महीने की ऊर्जा का बेहतर उपयोग कर पाएंगे।
प्रोफेशन : नेतृत्व के नए अवसर मिलेंगे। पेशेवर जीवन में बड़ा कदम उठाने का समय है। बजट, बचत और लंबे समय के निवेश को व्यवस्थित करें। जिम्मेदारियों को गंभीरता से पूरा करने पर कार्यक्षेत्र में आपकी भूमिका मजबूत हो सकती है। नए अवसरों पर विचार करते समय उनके दीर्घकालिक प्रभाव को जरूर समझें।
लव लाइफ : सकारात्मकता बनाए रखें। घर पर दूसरों की राय का भी सम्मान करें और धैर्य से बात करें। साथी के साथ किसी मुद्दे पर मतभेद हो, तो बातचीत से समाधान निकालने की कोशिश करें। रिश्ते में नियंत्रण रखने के बजाय एक-दूसरे की भावनाओं को समझना जरूरी होगा।
शुभ अंक : 2, 8 | शुभ रंग : नेवी ब्लू और गोल्ड
क्या करें : शनिवार को काले तिल का दान करें और ॐ प्रां प्रीं प्रौं सः शनैश्चराय नमः का जप करें।
मूलांक 9 (जन्म तारीख: 9, 18, 27)
पुरानी नकारात्मक बातों का बोझ साथ न रखें। अपनी ऊर्जा हर जगह न बांटें और अपनी सीमाएं तय करें। भावनाओं में बहकर हर जिम्मेदारी अपने ऊपर लेने से बचें। अपने लक्ष्यों को प्राथमिकता दें और जिन कामों से वास्तव में संतुष्टि मिलती है, उन पर ध्यान केंद्रित करें। सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने से आत्मविश्वास मजबूत होगा।
प्रोफेशन : नए प्रोजेक्ट की शुरुआत करने की प्रेरणा मिलेगी। रियल एस्टेट, चिकित्सा और सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए नए अवसर बन सकते हैं। दिखावे पर खर्च करने के बजाय भविष्य को मजबूत करने पर ध्यान दें। काम में उत्साह के साथ धैर्य बनाए रखें। किसी बड़े प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी मिल सकती है, इसलिए योजना बनाकर आगे बढ़ें।
लव लाइफ : पुराने तकलीफ देने वाले तरीकों को बदलने की कोशिश करें। समाज सेवा के कार्यों में साथी का सहयोग मिलेगा। रिश्ते में गुस्से या जल्दबाजी से प्रतिक्रिया देने से बचें। अपनी भावनाओं को शांत तरीके से व्यक्त करने पर आपसी समझ बेहतर होगी। साथ मिलकर किसी सामाजिक या पारिवारिक गतिविधि में शामिल होने से रिश्ता मजबूत हो सकता है।
शुभ अंक : 3, 9 | शुभ रंग: लाल और पीला
क्या करें : मंगलवार को हनुमान जी को सिंदूर अर्पित करें और ॐ हं हनुमते नमः का जप करें।

