Headlines

मंडी-कुल्लू NH पर पैदल व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने कुचला:हादसे के बाद आरोपी फरार, पुलिस सीसीटीवी फुटेज से कर रही गाड़ी की तलाश




मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित फरमेंटा के समीप बुधवार रात एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक पैदल यात्री को कुचल दिया। यह हादसा रात करीब 9 बजे उस वक्त हुआ, जब पीड़ित सड़क के किनारे पैदल चल रहा था। टक्कर इतनी जोरदार और भीषण थी कि पीड़ित व्यक्ति ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। वहीं, दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन सहित अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान बालू गांव के निवासी देवी सिंह पुत्र पूर्ण चंद)के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवी सिंह किसी निजी काम के सिलसिले में फरमेंटा क्षेत्र में आए थे और सड़क किनारे चल रहे थे कि तभी तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने औट थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल मंडी भेज दिया। पुलिस ने दर्ज किया हिट एंड रन का मामला, सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी टीम औट थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत ‘हिट एंड रन’ का मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक व वाहन का सुराग लगाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर फरमेंटा और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी के पास हादसे से संबंधित या संदिग्ध वाहन की कोई जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस से साझा करें। पुलिस का दावा है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *