Headlines

Punjab News | Scorpio Fire, LPU Owner Statement, School Bus Accident & Congress


.

पंजाब-चंडीगढ़ की आज की सबसे बड़ी खबर कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के इस्तीफे से जुड़ी रही। हाईकमान ने कुछ नहीं कहा तो उन्होंने सोशल मीडिया पर खुद को पूर्व प्रधान लिखकर इसका ऐलान किया। नए प्रधान की दौड़ में 8 नेताओं के नाम चल रहे हैं।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. वड़िंग का इस्तीफा, नए प्रधान पर घमासान

पंजाब कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। प्रभारी सचिन पायलट की रिपोर्ट के बाद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद संगरूर के पूर्व सांसद विजयइंदर सिंगला का नाम नए प्रधान की दौड़ में आगे बताया जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक हाईकमान सिंगला को दिल्ली बुलाकर 2027 के चुनाव का प्लान समझा चुका है।

2 अक्टूबर को नए प्रधान के नाम का ऐलान होने की चर्चा है। हालांकि सिंगला ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी जानकारी का पता नहीं है और वे संगरूर में कार्यकर्ताओं के साथ हैं। उधर, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा दिल्ली पहुंचे हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। चन्नी गुट राजा वड़िंग को हटाने की मांग करता रहा है। वहीं प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि मौसम और प्रधान कभी भी बदल सकता है (पढ़ें पूरी खबर)

2. परमानेंट DGP की नियुक्ति पर हाईकोर्ट सख्त

पंजाब में नियमित डीजीपी की नियुक्ति न होने पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने पंजाब के मुख्य सचिव से 10 दिन में जवाब मांगा है कि राज्य में नियमित डीजीपी की नियुक्ति कब तक होगी। अदालत ने कहा कि डीजीपी का पद पूरे राज्य की कानून-व्यवस्था से सीधे जुड़ा है और इसे अंतरिम या अस्थायी व्यवस्था के जरिए अनिश्चितकाल तक नहीं चलाया जा सकता।

याचिकाकर्ता निखिल थम्मन ने कहा कि पंजाब बॉर्डर स्टेट है, इसलिए पुलिस प्रमुख की नियमित नियुक्ति जरूरी है। UPSC ने जुलाई में नियमित डीजीपी के लिए SS चौहान, हरप्रीत सिद्धू और गौरव यादव के नामों का पैनल सरकार को भेजा था। पंजाब सरकार ने कोर्ट को बताया कि नियुक्ति से जुड़ा मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है और 8 अक्टूबर को सुनवाई होगी। हाईकोर्ट ने चीफ सेक्रेटरी से नियुक्ति की समयसीमा स्पष्ट करने को कहा है (पढ़ें पूरी खबर)

3. स्कॉर्पियो बनी आग का गोला, युवक जिंदा जला

अमृतसर-तरनतारन बाईपास पर मानांवाला के पास स्कॉर्पियो की लुक से भरे टिप्पर से जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई और स्कॉर्पियो में फंसे 25 साल के गुरिंदर सिंह की जिंदा जलने से मौत हो गई। गोइंदवाल साहिब निवासी गुरिंदर घरों में PVC फिटिंग का काम करता था और सामान लेने अमृतसर जा रहा था।

हादसे के बाद टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों, ढाबा संचालकों और पुलिस ने मोटरों और पानी की पाइपों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन गुरिंदर को बचाया नहीं जा सका। हादसे में दमकल की देरी पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक फायर ब्रिगेड करीब 45 मिनट से एक घंटे बाद पहुंची। पुलिस ने बताया कि अमृतसर की दमकल गाड़ी खराब थी, इसलिए तरनतारन से वाहन बुलाना पड़ा (पढ़ें पूरी खबर)

4. सऊदी में पंजाबी युवक को फांसी

रोपड़ के रहने वाले गुरप्रीत सिंह को सऊदी अरब में फांसी की सजा सुनाई गई है। करीब 4 साल पहले वह काम के लिए मस्कट गया था और ट्रक ड्राइवर के तौर पर काम करता था। करीब 2 साल पहले सऊदी अरब में उसके ट्रक से नशीले पदार्थ मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। परिवार का कहना है कि गुरप्रीत को इस मामले में फंसाया गया है।

गुरप्रीत परिवार का इकलौता बेटा है और उसके पिता की मौत हो चुकी है। उसकी बुजुर्ग मां जसवंत कौर ने मंत्री हरजोत सिंह बैंस से मुलाकात कर भारत सरकार से मदद की अपील की है। बैंस ने कहा कि गुरप्रीत की सजा माफ कराने के लिए मर्सी पिटीशन की मांग विदेश मंत्रालय के सामने रखी जाएगी। मामला कूटनीतिक स्तर पर सऊदी सरकार के सामने उठाने और गुरप्रीत की सुरक्षित वापसी के लिए प्रयास किए जाएंगे (पढ़ें पूरी खबर)

5. अकाली दल- वारिस पंजाब दे के रजिस्ट्रेशन पर विवाद

अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल- वारिस पंजाब दे के रजिस्ट्रेशन को लेकर विवाद बढ़ गया है। विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने चुनाव आयोग पर राजनीतिक दबाव में पार्टी का रजिस्ट्रेशन रोकने का आरोप लगाया है। अयाली के मुताबिक, पार्टी ने सभी शर्तें पूरी कर दी हैं, लेकिन लंबे समय से प्रक्रिया अटकी हुई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के पास 2 सांसद हैं। रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ तो उम्मीदवार निर्दलीय के तौर पर चुनाव लड़ेंगे।

अयाली ने बताया कि पार्टी इस मामले में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट जा चुकी है और जरूरत पड़ी तो सुप्रीम कोर्ट जाएगी। पार्टी ने जनवरी 2025 में रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किया था, जबकि जून 2026 में हाईकोर्ट का रुख किया। अयाली ने कहा कि आने वाले दिनों में प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मिलेगा और जरूरत पड़ने पर धरना दिया जाएगा। अमृतपाल अप्रैल 2023 से जेल में बंद है और फिलहाल डिब्रूगढ़ जेल में है (पढ़ें पूरी खबर)

6. LPU के मालिक बोले- पंजाब में डर लग रहा

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के चांसलर और राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने पहली बार यूनिवर्सिटी में हुई हिंसा पर खुलकर बात की। दिल्ली में न्यूज एजेंसी से बातचीत में उन्होंने कहा कि पंजाब में उन्हें डर लग रहा है। मित्तल ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए छात्रों को भड़काया गया और कुछ बाहरी तत्वों ने कैंपस में घुसकर तोड़फोड़ व चोरी की।

उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी और LPU में हुए घटनाक्रम को एक ही पैटर्न का बताया और बड़ी साजिश की आशंका जताई। मित्तल ने कहा कि यह सिर्फ LPU या उनके खिलाफ नहीं, बल्कि पंजाब को अस्थिर करने की साजिश हो सकती है। उन्होंने नशाखोरी, गैंगस्टरवाद, स्नैचिंग और किडनैपिंग को भी बड़ी समस्या बताया। LPU हिंसा की जांच SIT जांच कर रही है। हाईकोर्ट ने सरकार से 8 अक्टूबर को स्टेटस रिपोर्ट मांगी है (पढ़ें पूरी खबर)

7. CM मान की जापान यात्रा को केंद्र से मंजूरी नहीं

मुख्यमंत्री भगवंत मान को एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का मैच देखने जापान जाने की केंद्र सरकार से राजनीतिक मंजूरी नहीं मिली। राज्य सरकार के सूत्रों के मुताबिक, केंद्र ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए दौरा रद्द किया। केंद्र का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में किसी VIP की सुरक्षा बड़ी चुनौती होती है और कोई जोखिम नहीं लिया जा सकता।

मान को एशियन हॉकी फेडरेशन ने 21 सितंबर को आइची-नागोया एशियन गेम्स में हॉकी के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले देखने का न्योता दिया था। पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल 1 अक्टूबर और फाइनल 3 अक्टूबर को हैं। फेडरेशन के मुताबिक, दौरे से पंजाब में होने वाली एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों में मदद मिल सकती थी (पढ़ें पूरी खबर)

8. स्कूटी सवार को बचाती स्कूल बस पलटी

होशियारपुर-दसूहा मार्ग पर गांव मुरादपुर के पास गुरुवार को करीब 50 बच्चों से भरी निजी स्कूल बस खेतों में पलट गई। हादसे में दो-तीन बच्चों को चोटें आईं। सभी बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार, बस चालक ने सड़क पर स्कूटी सवार को बचाने के लिए बस को अचानक सड़क किनारे मोड़ दिया। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। स्कूल प्रबंधन, पुलिसकर्मियों और गांव के लोगों ने मिलकर बच्चों को बस से बाहर निकाला। हादसे के बाद बच्चे काफी सहमे हुए थे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. पार्किंग को लेकर चले लात-घूंसे

चंडीगढ़ में बाइक खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि कुछ युवक हेयर ड्रेसर की दुकान में घुस गए और दुकानदार व कर्मचारियों पर थप्पड़-लात-घूंसों की बरसात कर दी। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। दुकानदार अरुण के मुताबिक, बुधवार रात करीब 8 बजे ग्राहकों की बाइक खड़ी करने को लेकर दूसरे पक्ष से कहासुनी हुई।

बात गाली-गलौज तक पहुंची और देखते ही देखते कुछ युवक दुकान के अंदर घुस आए। आरोप है कि उन्होंने अरुण और उसके कर्मचारियों के साथ मारपीट की। CCTV फुटेज में दुकानदार को नीचे गिराकर पीटते हुए भी युवक नजर आ रहे हैं। अरुण का आरोप है कि विवाद के दौरान गली बंद करने की कोशिश भी की गई। मामला पुलिस तक पहुंच चुका है (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. पाइप नहीं खरीदा तो सिलेंडर नहीं दिया

बठिंडा में LPG डिलीवरी को लेकर नया विवाद सामने आया है। मॉडल टाउन फेज-3 के संजय मित्तल का आरोप है कि डिलीवरी मैन ने पांच साल पुराना गैस पाइप बदलकर नया पाइप खरीदने को कहा। उन्होंने मना किया तो बुक किया हुआ रिफिल सिलेंडर वापस ले गया। मित्तल का दावा है कि उनके इलाके के करीब आधा दर्जन और उपभोक्ताओं के साथ भी ऐसा हुआ।

उधर, मान गैस एजेंसी के मैनेजर एमएस बाठ का कहना है कि सुरक्षा होज की लाइफ पांच साल है, इसलिए अवधि पूरी होने पर पाइप या रेगुलेटर बदलना जरूरी है। कंपनी रिकॉर्ड में पाइप खरीदने की तारीख दर्ज रहती है। आधिकारिक LPG गाइडलाइंस के मुताबिक खराब या एक्सपायर्ड सुरक्षा होज बदलनी चाहिए और हर पांच साल में सुरक्षा ऑडिट का प्रावधान है (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *