![]()
जमुई के महाराजगंज मोहल्ले में नाला निर्माण के दौरान जेसीबी से की गई खुदाई से एक मकान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। मकान एक ओर झुक गया है और उसकी दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं, जिससे परिवार बेघर होने की कगार पर है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाला निर्माण के लिए जेसीबी से खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान मकान की नींव कमजोर हो गई और भवन का एक हिस्सा झुक गया। जैसे ही मकान में दरारें पड़नी शुरू हुईं, घर में मौजूद लोग अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए। यह क्षतिग्रस्त मकान कपिल देव रावत और मुन्ना रावत का बताया जा रहा है। घटना के बाद दोनों परिवारों के सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। भय के कारण परिवार के सदस्य अब मकान के भीतर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं, उन्हें आशंका है कि भवन कभी भी गिर सकता है। लोगों ने कहा- सुरक्षा को लेकर सावधानी नहीं बरती स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि नाला निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। उनका कहना है कि निर्माण एजेंसी ने खुदाई के दौरान आसपास के मकानों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त सावधानी नहीं बरती। लोगों ने प्रशासन से तत्काल तकनीकी टीम भेजकर भवन का निरीक्षण कराने और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित घोषित करने की मांग की है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने, उचित मुआवजा देने तथा निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले संवेदक और संबंधित अधिकारियों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
Source link
JCB से नाला खुदाई से मकान झुका, परिवार बेघर:जमुई में नींव कमजोर होने से दीवारों में दरारें,पीड़ित बोले- 'मुआवजा मिले'
