![]()
राजधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक क्लिनिक के अंदर युवक पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अस्पताल परिसर में थूकने से मना करने पर तीन युवकों ने पहले गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी, फिर क्लिनिक का वॉशबेसिन उखाड़कर युवक के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अब पढ़े क्या है पूरा मामला पुलिस के मुताबिक, 6 अगस्त की शाम करीब 6 बजे प्रखर रजन क्लिनिक के बाहर खड़ा था। इसी दौरान अमन निहाल, विशाल सोनी और अमन यादव नशे की हालत में वहां पहुंचे। तीनों क्लिनिक में रखी वेट मशीन पर अपना वजन करने लगे और अस्पताल परिसर में थूकने लगे। इस पर प्रखर के भाई अनिमेष मेश्राम ने उन्हें ऐसा करने से मना किया। बात इतनी बढ़ गई कि तीनों आरोपी एक राय होकर अनिमेष के साथ गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि अमन निहाल ने क्लिनिक का वॉशबेसिन उखाड़कर अनिमेष के सिर और शरीर पर कई बार वार किए। वहीं अमन यादव ने प्लास्टिक की कुर्सी और विशाल सोनी ने लकड़ी के डंडे से हमला किया। हमले में अनिमेष के सिर, बाएं हाथ, कान के पास और आंख के ऊपर गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार घटना की शिकायत मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू की। गवाहों से पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर महज तीन घंटे के भीतर अमन निहाल (23), विशाल सोनी (20) और अमन यादव (20) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया वॉशबेसिन का हिस्सा, प्लास्टिक की कुर्सी और लकड़ी का डंडा जब्त किया गया है। पुलिस मामले आगे की कार्रवाई कर रही है।
Source link
रायपुर में युवक के सिर पर वॉशबेसिन उखाड़कर मारी:क्लिनिक में थूकने से रोका तो भड़के आरोपी, 3 घंटे में तीनों गिरफ्तार
