![]()
गाजीपुर में सैदपुर थाना क्षेत्र के मीरपुर गांव के पास शनिवार सुबह देवचंदपुर मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय किसान बहादुर पाल की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह धान की फसल में घास खत्म करने की दवा लेने सैदपुर जा रहे थे। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सैदपुर देवचंदपुर गांव निवासी बहादुर पाल पुत्र चंद्रमा पाल शनिवार सुबह बाइक से सैदपुर के लिए निकले थे। मीरपुर गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बहादुर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण सीएचसी पहुंच गए। खेती पर निर्भर था परिवार, मां का रो-रोकर बुरा हाल बहादुर पाल का परिवार पूरी तरह खेती पर निर्भर है। वह तीन भाइयों में मंझले थे। बड़े भाई सुनील पाल शादीशुदा हैं और टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। छोटा भाई सतीश पाल अभी पढ़ाई कर रहा है। बहादुर की मौत से मां आशा देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर से गांव में भी शोक का माहौल है। ट्रक और बाइक पुलिस के कब्जे में सैदपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link
गाजीपुर में ट्रक की टक्कर से किसान की मौत:धान की फसल के लिए दवा लेने बाजार जा रहा था, आरोपी ड्राइवर फरार
