बीरू हत्याकांड में 45 घंटे चले घटनाक्रम के बाद उसके शव का अंतिम संस्कार किया गया। इस बीच पुलिस ने दो शूटर मार गिराए। इनसेट में मृतक बीरू, शूटर हर्ष और बीरबल की फाइल फोटो।
हरियाणा के करनाल में चर्चित बीरू वाल्मीकि हत्याकांड में करीब 45 घंटे हंगामा चला। बुधवार की रात हुई हत्या के बाद पत्नी दीपिका और परिवार का हंगामा, फिर दो शूटर के एनकाउंटर और फिर आर्थिक मदद, सरकारी नौकरी की मांग को परिवार अंतिम संस्कार से इनकार।
.
हालांकि, शुक्रवार को SDM देवेंद्र शर्मा के आश्वासन पर परिजनों ने बीरू का शव उठा लिया और अंतिम संस्कार के लिए ले गए। मगर, परिवार ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी पांच गन लाइसेंस, फैमिली के एक मेंबर को एचकेआरएन में नौकरी और एक करोड़ रुपए मुआवजे की मांग पूरी नहीं होती, वे चुप नहीं बैठेंगे।
अब सोशल मीडिया पर कुछ ऑडियो और वीडियो वायरल हो रही है, जिन्होंने माहौल को और गरमा दिया है। एक ऑडियो क्लिप में कथित तौर पर बीरू वाल्मीकि और एक बदमाश के बीच तीखी बहस और धमकी भरी बातचीत सुनाई दे रही है। वहीं, इस केस में नाम सामने आने के बाद संजय वाल्मीकि ने वीडियो जारी कर अपनी संलिप्तता से इनकार किया है।
उधर, जाट आरक्षण आंदोलन दंगे के भगोड़े धर्मेंद्र हुड्डा ने भी वीडियो जारी कर गैंगवार पर बयान दिया है। कहा कि ऐसे अधिकतर मामले गैंगवार से जुड़े होते हैं और अपराधियों की कोई जाति नहीं होती।
हंगामे से लेकर अंतिम संस्कार के लिए राजी होने के PHOTO

पोस्टमॉर्टम हाउस में मौजूद मृतक बीरू के परिजन।
बीरु वाल्मीकि हत्याकांड में अब तक क्या हुआ…
बुधवार की रात को दो बदमाशों ने करनाल के हांसी रोड पर बीरू वाल्मीकि की गोली मारकर हत्या कर दी थी। अगले दिन गुरुवार मृतक के परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करते हुए जमकर बवाल काटा। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और गुरुवार की रात को पुलिस ने हर्ष और बीरबल नाम दो बदमाशों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। दोनों को शूटर बताया।
शुक्रवार को पुलिस ने दोनों का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। मगर, बीरू के परिजनों ने तीन मांगों को लेकर हंगामा किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर पोस्टमार्टम हुआ और शव परिजनों को सौंप दिया। अब पुलिस अन्य लोगों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।

एनकाउंटर में मारे गए दोनों आरोपियों के शव को पोस्टमॉर्टम हाउस में लेकर जाती पुलिस की फाइल फोटो।
बीरू नाम से सामने आई धमकी वाली ऑडियो में ये बातें…
सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में एक व्यक्ति फोन पर बीरू वाल्मीकि को धमकाता हुआ सुनाई दे रहा है। बातचीत के दौरान दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होती है।
बीरू: सुन मेरी सुन बात…।
बदमाश: अरे तेरी सुनूं? पहले तू मेरी सुन।
बीरू: मेरी सुन ले…।
बदमाश: ओ साहब! ओ साहब! रुक जा, रुक जा.. ज्यादा ना बोल।
बदमाश: तैने कदियो ही उठा लूंगा, समझ गया?
बीरू (गाली देते हुए): ठा ले प्रधान, ठाले।
बदमाश: तू जल्दी रिजल्ट मांग रहा दिखे।
बीरू: तो ठा ले ना प्रधान।
बदमाश: सीधा भिड़ा करें? टाइम टेकना हो तो टाइम टेक ले, जिस तरह करना है उस तरह आ जा!
बीरू: टाइम टेकने को तो आया ही था…
बदमाश: 10 बार बुलाया तेरे ते!
बीरू: मैं फिरता तो नहीं इधर-उधर, तेरे तैया ठीये नहीं छोड़ रखे? करनाल में ही रहूं?
बदमाश: हां, मैने बेरा तू कितना करनाल में रहवे, लुक लुक के तारीख पे जावे, डरके कांपता है तू।
बीरू: अरे, बीरू अकेला घूमे है गाड़ी में, दो ही जने होवे हम तो! हम तो फिल्म भी बनावे अपनी गाड़ी में!
बदमाश: कोई नहीं, फिर फिल्म तेरी हम बनाएंगे।

मृतक बीरू की फाइल फोटो, एनकाउंटर में मारे गए आरोपियों को इलाज के लिए लेकर आती पुलिस व पति को न्याय दिलाने के लिए सड़क पर जाम लगाकर बैठी पत्नी दिपीका की फाइल फोटो।
संजय वाल्मीकि ने भी डाला वीडियो
दूसरी ओर, एक वीडियो में खुद को संजय वाल्मीकि निवासी कर्ण विहार बताने वाला युवक इस हत्याकांड में अपना नाम आने पर सफाई देता नजर आ रहा है। वह कहता है कि कुछ लोग उसका नाम इस केस से जोड़ रहे हैं, जबकि उसकी कोई भूमिका नहीं है। कहा कि वह करीब डेढ़ महीने पहले कुरुक्षेत्र सीआईए गया था। अगर, वह इस मामले में शामिल होता, तो उसी समय उसे हिरासत में लिया जाता।
उसने आरोप लगाया कि कुछ लोग समाज में उसे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। संजय ने आगे कहा कि अगर जांच में उसकी जरा सी भी संलिप्तता सामने आती है या जिन आरोपियों ने बीरू की हत्या की, उनसे उसकी कोई बातचीत साबित होती है, तो वह तुरंत सरेंडर कर देगा। साथ ही उसने आरोप लगाने वालों पर भी सवाल उठाए और कहा कि दूध का धुला कोई नहीं है, सबको पता है कौन कितना साफ है।

बीरू की हत्या के बाद एफआईआर में नाम आने के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर अपने आप को बेगुनाह बताते हुए संजय वाल्मीकि।
इन सात लोगों पर बीरू हत्याकांड में केस दर्ज
डीएसपी संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक बीरू की मां ममता ने सात लोगों के नाम पुलिस को दिए थे। जिसमें वंश, योगेश, कुनाल, निंजा, संजय, जैन और नैंसी शामिल है। इन्हीं लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाशी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस इस मामले में हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है। जिन आरोपियों का एनकांउटर हुआ है, उन लोगों ने बीरू का गोली मारी थी।

सोशल मीडिया पर इस गैगवॉर को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते धमेंद्र हुड्डा।
धर्मेंद्र हुड्डा बोला- अपराधियों की कोई जाति नहीं होती
उधर, इस मामले में धर्मेंद्र हुड्डा ने भी एक वीडियो जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उसने कहा कि पहले चरखी दादरी में सरेआम गैंगवार हुआ और इसके बाद करनाल में बीरू वाल्मीकि की हत्या हुई। ऐसे अधिकतर मामले गैंगवार से जुड़े होते हैं और अपराधियों की कोई जाति नहीं होती।
उसने कहा कि समाज में कुछ लोग जाति के नाम पर जहर घोल रहे हैं, जबकि अपराधी का कोई धर्म या जाति नहीं होती। यह भी कहा कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भी जातियों में बांटना गलत है, क्योंकि वर्दी पहनने के बाद अधिकारी सभी के लिए समान होते हैं और कानून के अनुसार कार्य करते हैं।
धर्मेंद्र हुड्डा ने सोशल मीडिया पर बढ़ते आपराधिक प्रभाव पर भी चिंता जताई। कहा कि आजकल युवा बदमाशी से जुड़े वीडियो और गाने शेयर कर रहे हैं, जो एक तरह का जहर है और भविष्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। उसने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें।
पुलिस जांच जारी, वायरल सामग्री की पुष्टि नहीं
बीरू वाल्मीकि हत्याकांड को लेकर पुलिस अपनी जांच में जुटी हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही ऑडियो और वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन अभी तक इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। डीएसपी संदीप कुमारर का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।
——————–
ये खबर भी पढ़ें…
बीरू हत्याकांड के 2 शूटर एनकाउंटर में ढेर:करनाल SP ने पत्नी से मांगे थे 10 घंटे; परिवार ने 5 गन लाइसेंस मांगे

हरियाणा के करनाल में बीरू वाल्मीकि मर्डर के 27 घंटे बाद पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को मुठभेड़ में मार गिराया। घोघड़ीपुर नहर के पास आधी रात को पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, दोनों तरफ से करीब 25 राउंड फायर हुए। (पूरी खबर पढ़ें)
