![]()
चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव ने शनिवार को शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने 8 और 9 अगस्त को लगाए जा रहे विशेष कैंपों में चुनाव संबंधी सेवाओं की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं और बूथ लेवल अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैंप में आने वाले लोगों की मदद करें और उन्हें मतदाता सूची से जुड़ी सेवाओं के बारे में सही जानकारी दें। 8-9 अगस्त सभी मतदान केंद्रों पर कैंप चंडीगढ़ में 8 और 9 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों में लोग अपने मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं। इसके अलावा पात्र लोग मतदाता सूची में नाम जुड़वाने सहित अन्य चुनाव संबंधी सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। डीसी ने बूथ लेवल अधिकारियों को कहा कि कैंप के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। 20 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या किसी तरह की आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया 21 जुलाई से शुरू हो चुकी है। यह प्रक्रिया 20 अगस्त तक चलेगी। पात्र लोग इस दौरान अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए जरूरी दस्तावेज और घोषणा पत्र देना होगा। जिन युवाओं की उम्र 1 जुलाई 2026 तक 18 साल हो चुकी है या उस दिन तक 18 साल की हो जाएगी, वे भी मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं। इसके लिए उन्हें फॉर्म-6 भरना होगा। डीसी निशांत कुमार यादव ने खास तौर पर शहर के ऐसे युवाओं से अपील की है कि वे विशेष कैंप के दौरान अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचें और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाएं। चुनाव पर्यवेक्षक भी करेंगे कैंपों का निरीक्षण डीसी ने कहा कि युवाओं को इस मौके का लाभ उठाना चाहिए और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के साथ वोटर कार्ड भी बनवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा मतदाताओं की भागीदारी लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने पात्र युवाओं से अपील की कि वे अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने में देरी न करें और चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। चुनाव आयोग की ओर से नियुक्त निर्वाचन क्षेत्र के पर्यवेक्षक भी विशेष कैंपों में चल रहे काम और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। वे कैंपों की प्रगति और लोगों को दी जा रही चुनाव संबंधी सेवाओं की जानकारी लेंगे। प्रशासन की ओर से बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे लोगों के आवेदन और दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी सही तरीके से उपलब्ध कराएं। 1950 पर कर सकते हैं संपर्क मतदाता सेवाओं से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए नागरिक वोटर हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा चुनाव आयोग के ईसीआईनेट मोबाइल एप पर उपलब्ध ‘बीएलओ से फोन पर बात करने का अनुरोध’ सुविधा का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष कैंपों का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपने नाम की जांच जरूर करें। खासकर 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके युवाओं से नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है।
Source link
चंडीगढ़ में विशेष कैंपों का DC ने किया औचक निरीक्षण:युवाओं से वोटर सूची में नाम जुड़वाने की अपील, 20 अगस्त तक दावे-आपत्तियां दर्ज कराएं
