Headlines

सुपौल में अस्पताल लाए बुजुर्ग की मौत:परिजनों ने किया हंगामा; डॉक्टर बोले- बिना डिस्चार्ज लिए घर ले गए थे, दोबारा लाने पर मृत मिला




सुपौल के वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में शुक्रवार देर शाम एक बुजुर्ग मरीज की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल में जरूरी जांच और इलाज की सुविधा नहीं होने का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। वहीं, अस्पताल के चिकित्सक ने लापरवाही के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मरीज को आवश्यक जांच कराने की सलाह दी गई थी, लेकिन परिजन उन्हें बिना डिस्चार्ज कराए घर ले गए थे। वीरपुर वार्ड संख्या-6 निवासी दिलीप साह (62) की शुक्रवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें दोपहर करीब 2 बजे अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उपचार शुरू किया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में जरूरी जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीज का समुचित इलाज नहीं हो सका। उनका कहना था कि अस्पताल में बेहतर व्यवस्था होती तो मरीज की जान बच सकती थी। डॉक्टर बोले- जांच के लिए बाहर ले गए, फिर घर चले गए अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सौरभ कुमार ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद मरीज को आवश्यक जांच कराने की सलाह दी गई थी। अस्पताल में संबंधित जांच की सुविधा नहीं होने के कारण परिजन उन्हें बाहर जांच कराने के लिए ले गए। डॉक्टर के अनुसार, परिजनों ने जांच नहीं कराई और मरीज को बिना डिस्चार्ज लिए घर ले गए। शाम करीब 6 बजे हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत पाया। जरूरी जांच और इलाज की सुविधा की मांग मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। लोगों ने अनुमंडलीय अस्पताल में जरूरी जांच और इलाज की सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। लोगों का कहना था कि जांच के लिए निजी केंद्रों पर निर्भरता के कारण गरीब मरीजों को परेशानी होती है। थानाध्यक्ष बोले- आवेदन मिलने पर होगी जांच वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास ने शुक्रवार रात करीब 9 बजे बताया कि मरीज की हार्ट अटैक से मौत होने की सूचना मिली है। फिलहाल इस संबंध में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *