Headlines

शिक्षक जाली नोटों के साथ असम में गिरफ्तार:7.37 लाख रुपए बरामद, पत्नी के इलाज की छुट्टी पर था; झारखंड में खपाने की थी तैयारी




पाकुड़ सदर प्रखंड के एक सहायक शिक्षक को असम पुलिस ने जाली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी गुवाहाटी के कामाख्या रेलवे जंक्शन पर एक विशेष अभियान के दौरान हुई। पुलिस ने शिक्षक के पास से 7 लाख 37 हजार रुपए के जाली नोट बरामद किए हैं। गिरफ्तार शिक्षक की पहचान नव प्राथमिक विद्यालय केतकापाड़ा के सहायक अध्यापक गुलाब शेख के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके साथ दयाल दास नामक एक अन्य व्यक्ति को भी पकड़ा है। जानकारी के अनुसार, शिक्षक गुलाब शेख अपनी पत्नी के इलाज के लिए एक महीने की छुट्टी पर स्कूल से गए थे। उनकी गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आया। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों आरोपी इन जाली नोटों को झारखंड में खपाने की तैयारी में थे। पाकुड़ निवासी होने के कारण इस गिरफ्तारी से जिले में भी चर्चा का विषय बन गया है। छुट्टी पर जाने के बाद से शिक्षक का मोबाइल फोन बंद था, जिससे उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा था। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुमिता मरांडी ने बताया कि शिक्षक ने पत्नी के इलाज के लिए बाहर जाने का आवेदन देकर छुट्टी ली थी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव ने पुष्टि की कि असम पुलिस ने उन्हें सूचना दी है। इस सूचना के अनुसार, पाकुड़ के दो व्यक्ति, दयाल दास और सहायक अध्यापक गुलाब शेख, को जाली नोट मामले में गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल, पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या शिक्षक जाली नोटों के नेटवर्क का हिस्सा था या इस मामले में कोई अन्य तथ्य सामने आएगा। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *