.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रयागराज में छात्रों की गूंज कार्यक्रम किया। पहाड़ी राज्यों में तेज बारिश जारी है। इसके कारण लैंडस्लाइड भी हो रही है। अमरनाथ यात्रा बंद की गई। मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में आगे बताएंगे कि सीजेआई सूर्यकांत ने कानून और न्याय पर क्या कहा।
⏰ आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…
- कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दिल्ली में छात्रों की गूंज कार्यक्रम का समापन करेंगे। इससे पहले कोटा, देहरादून और प्रयागराज में कार्यक्रम किया।
📰 कल की बड़ी खबरें…
1. राहुल बोले- मजदूरी करो लेकिन नौकरी नहीं मिल सकती, देश में हजार में से सिर्फ 12 युवाओं को परमानेंट नौकरी

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सिस्टम ने देश के युवाओं को चक्रव्यूह में फंसा दिया है। इनसे कहा जाता है कि आपको जितनी रील बनाना है, बनाओ। मजूदरी करो। 21वीं सदी का नशा लो, लेकिन नौकरी नहीं मिल सकती है।
राहुल ने कहा कि परिवारों से लाखों करोड़ रुपए लिए जाते हैं और बदले में BA-MA की डिग्री मिलती है, लेकिन यह सर्टिफिकेट रोजगार की गारंटी नहीं देता। दरअसल, राहुल ने प्रयागराज में छात्रों की गूंज कार्यक्रम किया। यूपी के 23 जिलों से छात्र बुलाए गए थे। प्रियंका गांधी की बेटी मिराया भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
राहुल बोले- युवाओं के लिए पांच दरवाजे थे, सभी बंद
पहला: दुनिया में आज मेड इन चाइना, मेड इन वियतनाम, मेड इन बांग्लादेश मिलेगा, लेकिन मेड इन इंडिया नहीं मिलेगा। क्योंकि नोटबंदी और गलत GST ने मैन्यूफैक्चरिंग सिस्टम को खत्म कर दिया है।
दूसरा: स्टार्टअप इंडिया कहां चला गया। हिंदुस्तान के बैंक आपको एक रुपया नही देंगे, अंबानी-अडाणी को लाखों करोड़ रुपए देंगे। छोटे व्यापारियों को बैंक लोन नहीं मिलता।
तीसरा: सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले 150 कैंडिडेंट्स में से सिर्फ 1 युवा को सरकारी नौकरी मिलती है।
चौथा: पब्लिक सेक्टर को प्राइवेट करने से नौकरी खत्म हो गईं। 2014 से पहले जिन पब्लिक सेक्टर में 14 लाख जॉब थी, 2026 में सिर्फ 7 लाख बचीं।
पांचवा: कॉर्पोरेट जॉब में AI की वजह से नौकरी खत्म हो गई हैं।
2. अतीक की कब्र के बगल में बेटा दफन, तीनों भाइयों ने कंधा दिया; भीड़ बेकाबू हुई तो पुलिस ने बंदूक की बट मारी

माफिया अतीक के 21 साल के बेटे अबान को प्रयागराज में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। शनिवार शाम 7 बजे उसे पिता अतीक की कब्र के बगल में दफनाया गया। तीनों भाइयों अली, उमर और अहजम ने अबान को कंधा दिया। जनाजे में शामिल होने के लिए 5-6 हजार लोग पहुंचे। सुरक्षा के लिए कब्रिस्तान के आसपास 1,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहे।
रोते हुए पहुंचा अतीक का बेटा: अबान का शव लेकर उसका भाई अहजम रोते हुए कब्रिस्तान पहुंचा। भीड़ भी उसके पीछे अंदर घुसने लगी। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो भीड़ बेकाबू हो गई और बैरिकेडिंग तोड़ दी। इस दौरान एक पुलिसकर्मी ने 2-3 लोगों को बंदूक की बट मारी। पुलिसवालों ने मनमानी कर रहे युवकों को थप्पड़ मारकर उन्हें हटाया।
दूसरे बेटे की मौत पर भी नहीं आई शाइस्ता: मां शाइस्ता दूसरे बेटे के जनाजे में भी शामिल होने नहीं पहुंची। वह पति अतीक और बेटे असद के जनाजे में भी नहीं पहुंची थी। शाइस्ता 2023 से फरार है। अबान की गुरुवार को सड़क हादसे में मौत हुई थी। उसे कसारी-मसारी कब्रिस्तान में वहीं दफनाया गया, जहां उसके दादा फिरोज अहमद, चाचा अशरफ और भाई असद की भी कब्रें हैं।
3. अमरनाथ यात्रा 20 दिन पहले रोकी गई, बारिश और लैंडस्लाइड से रास्ते खराब होने के कारण फैसला, अब तक 4.8 लाख ने दर्शन किए

बाबा अमरनाथ की यात्रा तय समय से 20 दिन पहले रोक दी गई। लगातार बारिश और लैंडस्लाइड के कारण रास्ते खराब हो जाने के कारण यह फैसला लिया गया। अब जो जत्थे यात्रा पर हैं, उन्हीं की यात्रा पूरी कराई जाएगी। नए जत्थे नहीं भेजे जाएंगे। अब तक 4.8 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं।
यात्रा भले ही 9 अगस्त से श्रद्धालुओं के लिए बंद हो जाएगी, लेकिन पारंपरिक छड़ी मुबारक कार्यक्रम के साथ इसका धार्मिक समापन होगा। पवित्र छड़ी 28 अगस्त को पारंपरिक पहलगाम मार्ग से अमरनाथ गुफा तक जाएगी और इसी के साथ अमरनाथ यात्रा-2026 का औपचारिक समापन होगा
दिल्ली में 7 दिन में 30 दिन जितनी बारिश: दिल्ली में बीते 7 दिन में 30 दिन जितनी बारिश हुई है। अबतक 127mm बारिश हो चुकी है, जो 2011 के बाद सबसे ज्यादा बारिश है। देवली इलाके में शनिवार को तेज बारिश से पार्किंग की दीवार गिर गई। इसके मलबे में आठ गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

4. CJI सूर्यकांत बोले- सिर्फ कानून बनाने से न्याय नहीं मिलेगा, जनता और न्याय व्यवस्था के बीच दूरी न हो

सीजेआई सूर्यकांत शनिवार को इंदौर पहुंचे। उन्होंने ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित पश्चिम क्षेत्रीय सम्मेलन में ने कहा कि सिर्फ कानून बना देने से आम लोगों तक न्याय नहीं पहुंच सकता। न्याय व्यवस्था और जनता के बीच दूरी नहीं होनी चाहिए। जरूरतमंद व्यक्ति जब कानूनी मदद के लिए पहुंचे तो पहले उसकी बात सुनी जाए, उसे सम्मान मिले।
उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र की समस्या अलग होती है, इसलिए समाधान भी स्थानीय होना चाहिए। लोगों तक उनकी स्थानीय बोली में कानूनी अधिकार और मदद पहुंचानी होगी। आम नागरिक के लिए न्याय का अनुभव केवल राहत, मुआवजा, केस में बरी होने या सजा मिलने तक सीमित नहीं है।
5. ऋषभ पंत को उत्तराखंड में जमीन दिलाएगी सरकार, CM धामी बोले- हमारे राज्य का बेटा, हरसंभव मदद करेंगे

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत अब उत्तराखंड में जमीन खरीद सकेंगे। राज्य के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उनकी मदद की बात कही। पंत ने कहा था कि वे 3 साल से उत्तराखंड में जमीन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सफल नहीं हो पा रहे हैं। धामी ने कहा कि पंत ने क्रिकेट में देश और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। वे यहां के बेटे हैं, उनकी मदद करेंगे।
ऋषभ पंत ने X पर लिखा था कि वे दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होकर अपने गृहराज्य में घर बनाना चाहते हैं। इंटरनेशनल लेवल पर रिप्रेजेंट करने के लिए यह गिफ्ट बहुत अच्छा रहेगा। अगर आप इजाजत दें तो मैं राज्य सरकार से जमीन खरीदना चाहता हूं।

6. फेसबुक-इंस्टाग्राम की कानूनी सुरक्षा वापस ले सकती है सरकार, रिकमेंडेशन और पैसों के बदले कंटेंट प्रमोशन बड़ा मुद्दा

मेटा और भारत सरकार के बीच बैठकों के बाद सवाल उठा है कि क्या मेटा का रिकमेंडेशन सिस्टम और पैसे लेकर कंटेंट प्रमोट करना उसे सिर्फ प्लेटफॉर्म रखता है या पब्लिशर बना देता है। अगर प्लेटफॉर्म खुद तय करे कि किस यूजर को क्या कंटेंट दिखाना है और पैसे लेकर उसे प्रमोट करे, तो उसे पब्लिशर माना जा सकता है। ऐसी स्थिति में उसे यूजर्स के कंटेंट की जिम्मेदारी लेनी होगी और IT एक्ट के तहत मिलने वाला ‘सेफ हार्बर’ स्टेटस भी खो सकता है।
क्या है सेफ हार्बर: IT एक्ट की धारा 79 के तहत फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म को यूजर्स की पोस्ट के लिए कानूनी सुरक्षा मिलती है। यानी यूजर के विवादित या गलत कंटेंट के लिए प्लेटफॉर्म सीधे जिम्मेदार नहीं होता। यह सुरक्षा ‘ड्यू डिलिजेंस’ यानी जरूरी कानूनी नियमों और सावधानियों का पालन करने पर ही मिलती है।

🎭 आज का कार्टून

⚡ कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
1. नेशनल: विवाद के बाद कंगना के जेन-जी पर बदले बोल: कहा- ये सरकार की ताकत, इन पर गर्व, कुछ इनका नाम खराब कर रहे हैं; पहले कहा था गटरछाप (पूरी खबर पढ़ें)
2. झारखंड: JPSC परीक्षा दोबारा कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में PIL:धांधली की जांच रिटायर्ड जजों से कराने की मांग; छात्र सोमवार को झारखंड विधानसभा घेरेंगे (पूरी खबर पढ़ें)
3. नेशनल: राहुल का सरकार से सवाल-महिला आरक्षण लागू क्यों नही किया: इसे परिसीमन से क्यों जोड़ रहे; केंद्र लोकसभा सीटें बढ़ाकर इसे लागू करना चाह रहा (पूरी खबर पढ़ें)
4. पंजाब: शादी के लिए युवती बनी फर्जी ASI: वर्दी पहन 2 महीने ड्यूटी का नाटक, इसी पहचान से कर ली शादी; टिफिन ने खोला राज (पूरी खबर पढ़ें)
5. एंटरटेमेंट: सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर पुलिसकर्मी की मौत: लॉरेंस गैंग से सुरक्षा के लिए तैनात थे, ऑन ड्यूटी गिरे, डॉक्टर्स ने मृत घोषित किया (पूरी खबर पढ़ें)
6. नेशनल: थरूर बोले- RSS की विचारधारा नहीं बदली: उनका मकसद देश को हिंदू राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाना, लेकिन भागवत का बयान बदलाव का संकेत (पूरी खबर पढ़ें)
7. उत्तर प्रदेश: अतीक की कब्र के बगल में बेटा दफन:तीनों भाइयों ने कंधा दिया; भीड़ बेकाबू हुई तो पुलिस ने बंदूक की बट मारी; मां शाइस्ता नहीं आई (पूरी खबर पढ़ें)
8. स्पोर्ट्स: लियोनेल मेसी के पिता जॉर्ज मेसी का निधन:13 साल की उम्र में मेसी को बार्सिलोना ले गए, दो दशक तक उनके एजेंट रहे (पूरी खबर पढ़ें)
9. क्रिकेट: साई सुदर्शन श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर:पैर की अंगुली में चोट लगी थी; पडिक्कल नंबर-3 पर खेलेंगे, सरफराज रिप्लेसमेंट हो सकते हैं (पूरी खबर पढ़ें)
10. बिजनेस: इमरजेंसी फंड बनाने के लिए काम आएगा 3-6-9 रूल: सैलरीड पर्सन 3 से 6 और फ्रीलांसर्स 9 से 12 महीने का खर्च बचाएं, जानें कैलकुलेशन (पूरी खबर पढ़ें)
🗣️ बयान जो चर्चा में है…

😲 खबर हटके…
दुनिया में सबसे लंबे बालों का रिकॉर्ड

उत्तराखंड की रेनू धरियाल ने दुनिया में सबसे लंबे बालों वाली महिला का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। उनके बाल करीब 8 फीट 10 इंच लंबे हैं। रेनू ने 2015 से बाल नहीं कटवाए हैं और लगातार उनकी देखभाल करती हैं। पूरी खबर पढ़ें…
📸 फोटो जो खुद में खबर है

🌟 भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
⏳आज के दिन का इतिहास

🌦️ मौसम का मिजाज

कन्या राशि वालों के रुके काम पूरे होंगे, दिन अच्छा रहेगा। सिंह राशि वालों की रुकी पेमेंट मिल सकती है। जानिए आज का राशिफल…
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…
