![]()
बैतूल जिले में सर्पदंश की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। एक सप्ताह के भीतर सांप के काटने से दो बच्चों की मौत हो चुकी है। रविवार सुबह मंडई बुजुर्ग गांव में एक 9 वर्षीय बालक को घर के अंदर सोते समय सांप ने डस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान आशीष पिता राजेश धुर्वे के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5 बजे आशीष अपनी मां जयवंती के साथ जमीन पर सो रहा था। इसी दौरान उसे उल्टियां होने लगीं। मां ने आसपास देखा तो घर में सांप नजर आया। परिजन तत्काल बच्चे को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशीष अपने परिवार में दो बेटियों और दो बेटों में सबसे छोटा था। सूचना मिलने पर सोनाघाटी पुलिस चौकी ने जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया। सोनाघाटी पुलिस चौकी के जांच अधिकारी दीवान सिंह बनकर ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। एक सप्ताह के भीतर दूसरी ऐसी घटना
जिले में सर्पदंश से बच्चे की मौत की यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी घटना है। इससे पहले 7 अगस्त को झाड़कुंड गांव में 12 वर्षीय बालिका को सोते समय सांप ने काट लिया था। उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय उसकी भी मौत हो गई थी। बारिश के मौसम में सांप और अन्य जहरीले जीव-जंतु बिलों से निकलकर घरों में आ जाते हैं। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे जमीन पर सोने से बचें और ऊंची चारपाई या पलंग का इस्तेमाल करें। रात में फर्श, बिस्तर, कपड़े और जूतों की जांच करने के बाद ही उनका उपयोग करें। सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार कराएं।
Source link
घर में सो रहे बच्चे को सांप ने डसा, मौत:एक सप्ताह में बैतूल जिले में दूसरी घटना
