![]()
किशनगंज के गांधी चौक स्थित जीवन ज्योति दवा दुकान में शातिर चोरी की वारदात हुई। छह चोरों ने महज दो मिनट में दुकान से करीब 55 से 60 हजार रुपए चुरा लिए। इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
.
चोरों ने दुकान का शटर काटे बिना, ताले तोड़े बिना या उसे पूरी तरह खोले बिना ही चोरी को अंजाम दिया। वारदात इतनी चालाकी से की गई कि पहली नजर में चोरी का पता लगाना भी मुश्किल था।
चादर तानकर सड़क की विजुअल को छिपाया
सुबह लगभग 4 बजे छह चोर दुकान के पास पहुंचे। इनमें से चार चोरों ने जीवन ज्योति दवा दुकान के शटर के सामने एक चादर तानकर सड़क की ओर से दृश्य को छिपा दिया। इसके बाद शटर के नीचे 5 से 6 इंच का एक छोटा सा रास्ता बनाया गया, जिससे एक चोर दुकान के अंदर दाखिल हो गया।
दुकान में घुसे चोर ने फुर्ती से गल्ले तक पहुंचकर शुक्रवार शाम से रात तक की बिक्री की सारी नकदी निकाल ली। रकम निकालने के बाद, अंदर गया चोर उसी संकरे रास्ते से बाहर आ गया। बाहर मौजूद साथियों ने फिर से चादर की आड़ बनाई और पूरी टीम मौके से फरार हो गई।
चोरी के दौरान गिरोह का एक सदस्य सड़क पर लगातार निगरानी कर रहा था, ताकि किसी के आने की भनक लगते ही साथियों को सतर्क किया जा सके।
24 घंटे पुलिस की रहती है मौजूदगी
यह वारदात इसलिए भी चौंकाने वाली है क्योंकि गांधी चौक को शहर के सबसे सुरक्षित और व्यस्त इलाकों में से एक माना जाता है। यहां लगभग 24 घंटे पुलिस की मौजूदगी रहती है। इसके अतिरिक्त, इलाके में बड़े-बड़े सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा ठीक सामने होने के कारण वहां अलग से सुरक्षा व्यवस्था भी रहती है।
ऐसे में इतनी शातिराना तरीके से चोरी की घटना को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है।
