![]()
मेरठ के सरधना क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसा अटेरना और दौराला पुल के बीच हुआ। मृतक अपने पांच दोस्तों के साथ दो बाइकों पर हरिद्वार घूमने के लिए जा रहा था। दुर्घटना में उसके साथ बाइक पर सवार दो युवक भी घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सरधना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बुलंदशहर के औरंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित जनोरा गांव निवासी विपिन पुत्र लेखराज चरखी दादरी में डिलीवरी ब्वाय के रूप में काम करता था। बृहस्पतिवार को वह अपने पांच दोस्तों के साथ दो बाइकों पर हरिद्वार के लिए निकला था। एक बाइक पर विपिन के साथ मनीष पुत्र हरकेश और पुनीत पुत्र शोदान सवार थे। जबकि बाकी तीन दोस्त दूसरी बाइक से उनके पीछे चल रहे थे। दोनों बाइक सवार गाजियाबाद और मुरादनगर होते हुए गंगनहर पटरी मार्ग पर पहुंचे। देर रात अटेरना और दौराला पुल के बीच पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने विपिन की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। विपिन गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मनीष और पुनीत भी सड़क किनारे जा गिरे। मनीष के हाथ में गंभीर चोट बताई गई है। पीछे आ रहे दोस्तों ने हादसा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद विपिन को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंचे और विपिन का शव देखकर बिलख पड़े। पुलिस के अनुसार परिजनों ने पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अब हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन की पहचान करने के प्रयास में जुटी है।
Source link
वाहन की टक्कर से हरिद्वार जा रहे युवक की मौत:मेरठ में कांवड़ पटरी मार्ग पर हादसा, 2 दोस्त घायल; परिजनों ने पोस्टमार्टम से मना किया
