![]()
अनूपपुर जिले में रविवार को विश्व आदिवासी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर मूलनिवासी समाज द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया। विश्व मूलनिवासी दिवस उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर में इंदिरा तिराहे से एक भव्य रैली निकालकर की गई। पारंपरिक वेशभूषा में सजे महिला-पुरुष और युवाओं ने हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लेकर अपनी संस्कृति एवं परंपराओं का प्रदर्शन किया। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अमरकंटक तिराहे पहुंची। रैली के दौरान और अमरकंटक तिराहे पर आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक लोक संगीत की धुन पर जमकर नृत्य किया। ढोल-मांदर की थाप और आदिवासी गीतों से पूरा माहौल उत्सवमय हो गया। महिला, पुरुष और युवाओं ने सामूहिक नृत्य कर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया। आयोजकों ने बताया कि विश्व मूलनिवासी दिवस का मुख्य उद्देश्य मूलनिवासी समाज की शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति संरक्षण, सामाजिक न्याय, आर्थिक विकास तथा संवैधानिक एवं राजनीतिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के माध्यम से समाज को अपनी विरासत सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश भी दिया गया। रैली के समापन के बाद पंच महातत्व एवं प्रकृति शक्ति की पूजा-अर्चना की गई। इसके अतिरिक्त, मंचीय उद्घाटन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें आदिवासी संस्कृति से जुड़े गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इस अवसर पर समाज के लोगों ने जल, जमीन और जंगल के संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने आदिवासी समुदाय से एकजुटता, संस्कृति संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के संकल्प के साथ आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। यातायात पुलिस ने वाहनों की वैकल्पिक आवाजाही सुनिश्चित की, ताकि रैली के लिए मुख्य मार्ग खुला रहे। पुलिस वाहन रैली के आगे चलकर व्यवस्था बनाए रखने में जुटी रही।
Source link
अनूपपुर में विश्व आदिवासी दिवस पर रैली:मूलनिवासियों ने पारंपरिक नृत्य किया, प्रकृति पूजा कर संरक्षण का संदेश दिया
