Headlines

विधायक संदीप जाखड़ ने 'आप' सरकार को घेरा:बोले- अबोहर के साथ विकास में भेदभाव, बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर मांगा रिपोर्ट कार्ड




अबोहर में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों में हो रहे पक्षपात को लेकर स्थानीय विधायक संदीप जाखड़ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साढ़े चार साल से अबोहर को उसके जायज विकास के हक से वंचित रखा जा रहा है, जबकि फाजिल्का जिले के अन्य इलाकों को करोड़ों रुपये की ग्रांट जारी की जा रही है। संदीप जाखड़ ने ‘आप’ की शीर्ष नेतृत्व और अरविंद केजरीवाल से अबोहर के विकास का साढ़े चार साल का रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी पार्टी द्वारा अब तक तीन-तीन हलका इंचार्ज बदले जा चुके हैं, लेकिन शहर की मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। विधायक ने सवाल उठाए कि अबोहर के लिए अब तक कितनी ग्रांट जारी हुई, वह पैसा कहां खर्च हुआ और आभा स्क्वेयर, नेहरू स्टेडियम, बस स्टैंड का नवीनीकरण व सप्पांवाली पशु चिकित्सा परियोजना जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स का क्या स्टेटस है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विकास का रिपोर्ट कार्ड केवल पोस्टरों से नहीं, बल्कि धरातल पर हुए कामों और आंकड़ों से बनता है। दिन-दहाड़े गोलीबारी से दहशत का माहौल कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए जाखड़ ने कहा कि शहर में दिन-दहाड़े हो रही गोलीबारी और आपराधिक घटनाओं ने आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में हुई गोलीबारी की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों में डर का माहौल बन चुका है। इसके लिए सरकार और पुलिस प्रशासन को अपनी जवाबदेही तय करनी चाहिए और सख्त कदम उठाने चाहिए। अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का ऐलान विधायक संदीप जाखड़ ने जोर देकर कहा कि अबोहर के लोग सुरक्षा, विकास और समान अधिकार चाहते हैं। राज्य सरकार को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर अबोहर को उसका बनता हक देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे शहर के अधिकारों और जनता की आवाज को लगातार मजबूती से उठाते रहेंगे और इसके लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *