Headlines

दिल्ली भाजपा का तिरंगा यात्रा अभियान शुरू:सांसदों व नेताओं ने संभाली कमान,15 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराने की अपील




भारत के स्वतंत्रता दिवस सप्ताह के उपलक्ष्य में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के मार्गदर्शन में राजधानीभर में तिरंगा यात्रा अभियान का जोरदार आगाज हुआ। अभियान के तहत दिल्ली के सभी जिला क्षेत्रों और विभिन्न मंडलों में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इसमें भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत चौधरी के नेतृत्व में युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिल रही है। नई दिल्ली जिले में सांसद बांसुरी स्वराज के नेतृत्व और जिलाध्यक्ष रविन्द्र चौधरी की अध्यक्षता में यात्रा पिलंजी गांव से शुरू होकर ग्रेटर कैलाश एम-ब्लॉक मार्केट पर संपन्न हुई। इसमें विधायक नीरज बसोया, शिखा रॉय, अनिल शर्मा और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। वहीं, पश्चिम जिले में राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह और सांसद कमलजीत सहरावत के नेतृत्व में धोली प्याऊ से तिलक नगर थाने तक यात्रा निकाली गई। जिसमें मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद और जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल बख्शी सहित हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। उत्तर पश्चिम जिले में सांसद योगेन्द्र चांदोलिया के नेतृत्व में रोहिणी सेक्टर-11 से झंडा चौक सेक्टर-16 तक यात्रा निकाली गई। इसमें मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह, महापौर प्रवेश वाही, कुलवंत राणा और जिलाध्यक्ष विनोद सहरावत उपस्थित रहे। प्रदेश नेतृत्व ने देशवासियों से 9 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर गर्व से तिरंगा फहराने और आजादी का उत्सव मनाने की अपील की है।
तिरंगा हमारी अस्मिता का प्रतीक: बांसुरी स्वराज
नई दिल्ली से यात्रा की शुरुआत करते हुए सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि तिरंगा सिर्फ एक कपड़ा नहीं, बल्कि हमारे अमर शहीदों का सम्मान और 140 करोड़ भारतवासियों की अटूट एकता का प्रतीक है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि 9 से 15 अगस्त तक सभी लोग अपने-अपने घरों पर गर्व से तिरंगा फहराएं और देश की आजादी के इस पावन उत्सव को धूमधाम से मनाएं। हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ें: योगेन्द्र चांदोलिया सांसद योगेन्द्र चांदोलिया ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से आजादी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है, तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने घर, दुकान और संस्थानों पर तिरंगा लहराएं। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी हर घर तिरंगा अभियान चलाकर अपनी देशभक्ति को दुनिया के सामने प्रदर्शित करें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *