![]()
जमुई के चकाई प्रखंड के कियाज़ोरी पंचायत अंतर्गत घाघरा से शत्सल्ला रोड में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन की जानकारी मिलते ही रातोंरात सड़क की मरम्मत शुरू कर दी गई। निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने काम रुकवा दिया। सड़क पर अलकतरा बिछाए जाने के कुछ ही देर बाद उसकी ऊपरी परत हाथ से छूने पर ही पपड़ी की तरह उखड़ने लगी। ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीणों ने हाथ से उखाड़कर दिखाई सड़क की परत ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि निर्माण से पहले सड़क की सतह की ठीक से सफाई नहीं की गई और गिट्टी की पर्याप्त कुटाई भी नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने मौके पर सड़क की ऊपरी परत को हाथ से उखाड़कर उसके नीचे मौजूद मिट्टी और धूल दिखाते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाया। उनका कहना है कि सड़क पर डामर की परत बेहद पतली है। भारी वाहनों के गुजरने से सड़क के कुछ हिस्सों में अभी से धंसने की स्थिति बनने लगी है। नाराज ग्रामीणों ने काम रुकवाया मामले से नाराज ग्रामीण मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य को रुकवा दिया। साथ ही निर्माण में लगे वाहनों को भी आगे बढ़ने से रोक दिया। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक सड़क का निर्माण सही तरीके से नहीं कराया जाता, तब तक काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा। सीएम को आवेदन देने की तैयारी इधर, शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के चकाई प्रखंड पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री यहां एथेनॉल प्लांट का मुआयना करेंगे। इसी दौरान ग्रामीण सड़क निर्माण में अनियमितता को लेकर मुख्यमंत्री को लिखित आवेदन सौंपने की तैयारी में हैं। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कराने और जांच में गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।
Source link
जमुई में CM के दौरे से पहले रातोंरात सड़क मरम्मत:हाथ से उखड़ी डामर की परत; ग्रामीणों ने काम रुकवाया, जांच की मांग की
