Headlines

PM आवास योजना में वसूली के आरोप:खगड़िया में BDO ने आवास सहायक से 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण




खगड़िया के अलौली प्रखंड की गोरियामी पंचायत में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना (PMAY-G) के लाभार्थियों से कथित अवैध वसूली के आरोपों की जांच शुरू हो गई है। प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) मियाज अहमद ने शिकायत और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। समिति को तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। बीडीओ ने इस मामले में ग्रामीण आवास सहायक निवेश कुमार से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। जारी पत्र में कहा गया है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारियों को प्रतिवेदन भेजा जाएगा। दस्तावेज जांच समिति को उपलब्ध कराने का निर्देश गठित जांच समिति की अध्यक्षता प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी प्रकाश चंद्र झा करेंगे। समिति के सदस्यों में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अरुण कुमार, प्रखंड स्वच्छता समन्वयक शैलेंद्र कुमार और आवास पर्यवेक्षक धीरज कुमार शामिल हैं। लेखापाल और आवास योजना से जुड़े अन्य पदाधिकारियों को आरोपों से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज जांच समिति को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। 15 हजार रुपए तक की वसूली की ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी और तीसरी किस्त जारी कराने के एवज में लाभार्थियों से प्रति व्यक्ति करीब 15 हजार रुपए तक की वसूली की गई है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि पंचायत के लगभग 250 लाभार्थियों से यह राशि ली गई, जिससे कथित वसूली 30 लाख रुपये से अधिक होने का अनुमान है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। बताया गया है कि आवास सहायक और वार्ड सदस्य के बेटे के खिलाफ सहयोग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। इससे पहले भी इस मामले की शिकायत लोक शिकायत निवारण कार्यालय में की गई थी, जहां यह प्रकरण अभी लंबित है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *