![]()
विदिशा जिले में सोमवार सुबह से हो रही बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। मुख्य बाजारों और सड़कों पर पानी भर जाने से राहगीरों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।स्थिति को देखते हुए कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देश पर अधिकारी मैदान में उतरकर जायजा ले रहे हैं। तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़कों पर आ गया। स्थानीय निवासियों ने शिकायत की है कि नालों की सफाई न होने से तेज बारिश में जलभराव की समस्या होती है। इस स्थिति ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। हालांकि, इस बारिश से किसानों के चेहरे पर खुशी है। खरीफ फसलों को नई संजीवनी मिलने की उम्मीद जगी है। भारी बारिश की चेतावनी जारी मौसम विभाग के अनुसार, 1 जून से 10 अगस्त तक जिले में औसतन 510.9 मिमी बारिश दर्ज हुई। यह पिछले साल की तुलना में हुई 800 मिमी बारिश से 289.1 मिमी कम है। सोमवार सुबह तक जिले में औसत 55.9 मिमी बारिश दर्ज हुई। इसमें सबसे अधिक बारिश लटेरी में 106.4 मिमी और पठारी में 96 मिमी रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कलेक्टर ने व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने अधिकारियों को मैदान में उतरकर स्थिति का जायजा लेने को कहा है। एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार और नगर पालिका के अधिकारी शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं।
Source link
विदिशा में झमाझम बारिश से कई इलाकों में जलभराव:नालियों का पानी सड़कों पर आया, लोग परेशान; कलेक्टर बोले-स्थिति का जायजा लें सभी अधिकारी
