Headlines

नरवाना में टूटी सड़क से निकलेगी तिरंगा यात्रा:नगर परिषद ने मिट्टी-पत्थर डलवाए; लोग बोले- खानापूर्ति की, स्थायी समाधान हो




जींद जिले के नरवाना शहर में आज तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी शामिल होंगे। इस यात्रा की तैयारियों के बीच, जिस रेलवे रोड से यह यात्रा गुजरनी है, उसकी खराब हालत ने नगर परिषद की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे रोड लंबे समय से टूटा हुआ है और बरसात के कारण जगह-जगह पानी जमा है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तिरंगा यात्रा को देखते हुए नगर परिषद द्वारा सड़क की मरम्मत के नाम पर केवल मिट्टी और पत्थर डालकर खानापूर्ति की जा रही है। शहरवासियों में नाराजगी शहरवासियों अनिल, मनदीप, कपिल, सतीश, रामनिवास और कुलबीर ने इस अस्थायी मरम्मत पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बरसात में सड़क पर पानी जमा होने के कारण मिट्टी डालकर की गई यह मरम्मत ज्यादा समय तक नहीं टिक पाएगी। बारिश होने पर मिट्टी फिर से कीचड़ में बदल सकती है, जिससे सड़क की स्थिति पहले जैसी हो जाएगी। लोग बोले- अस्थायी नहीं स्थायी समाधान हो स्थानीय निवासियों ने जोर देकर कहा कि तिरंगा यात्रा शहर के लिए गौरव का अवसर है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। ऐसे में यात्रा मार्ग की सड़क सुरक्षित और बेहतर होनी चाहिए थी। उनका मानना है कि यदि नगर परिषद को यात्रा से पहले सड़क की व्यवस्था करनी ही थी, तो अस्थायी समाधान के बजाय स्थायी मरम्मत पर काम करना चाहिए था। लोगों ने नगर परिषद से रेलवे रोड की खराब हालत को गंभीरता से लेते हुए उचित और स्थायी मरम्मत करवाने की मांग की है। नप के जेई बोले- सड़क निर्माण का टेंडर लगाया जा चुका है नगर परिषद के जेई विकास ने बताया कि रेलवे रोड के निर्माण का टेंडर पहले ही लगाया जा चुका है, लेकिन अभी तक सड़क का काम शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि आज तिरंगा यात्रा निकाली जानी है, जिसे देखते हुए नगर परिषद की ओर से सड़क पर पत्थर और मिट्टी डालकर रास्ते को अस्थायी रूप से दुरुस्त करने का प्रयास किया गया है, ताकि यात्रा के दौरान राहगीरों और लोगों को कुछ परेशानी कम हो सके। बोले- पीडब्ल्यूडी को 80 लाख की पेमेंट की जा चुकी जेई विकास के अनुसार, इस सड़क के निर्माण के लिए नगर परिषद द्वारा पीडब्ल्यूडी विभाग को करीब 80 लाख रुपये की पेमेंट भी की जा चुकी है। हालांकि, सड़क का वास्तविक निर्माण कार्य कब शुरू होगा, इसका फैसला संबंधित विभाग द्वारा किया जाना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *