Headlines

बिल्हौर स्टेशन पर ट्रेन से गिरकर युवक की मौत:कन्नौज का किसान ससुराल से लौट रहा था




बिल्हौर रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में कन्नौज निवासी युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कन्नौज जनपद के कुतलूपुर गांव निवासी 35 वर्षीय शेष कुमार शुक्ला खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पिता राजेश शुक्ला कैंसर से पीड़ित हैं। परिवार में मां रेखा, पत्नी शिवानी और करीब डेढ़ वर्ष की एक बेटी है। परिजनों के अनुसार शेष कुमार रविवार को अपनी ससुराल शिवराजपुर गए थे। सोमवार सुबह वह बर्राजपुर स्टेशन से पैसेंजर ट्रेन पकड़कर कन्नौज के लिए रवाना हुए। ट्रेन जब बिल्हौर स्टेशन पर रुकी तो वह किसी कारणवश नीचे उतर गए। कुछ देर बाद ट्रेन चलने लगी तो उन्होंने दोबारा डिब्बे में चढ़ने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्टेशन के पश्चिमी छोर पर अलंकार पैलेस के सामने चलती ट्रेन में चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। उधर, युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *