Headlines

चितकारा-LPU हंगामे पर हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से मांगी रिपोर्ट:पूछा- क्या जानबूझकर अशांति फैलाने की कोशिश हुई; 8 को सुनवाई




पंजाब की चितकारा और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में कुछ घंटों के अंतर से सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलने और उसके बाद हुए हंगामे को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने गंभीरता से लिया है। हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से रिपोर्ट मांगते हुए पूछा है कि क्या दोनों विश्वविद्यालयों में हुई घटनाओं के बीच कोई कड़ी थी? साथ ही यह भी स्पष्ट करने को कहा है कि क्या सोशल मीडिया के जरिए दोनों संस्थानों में जानबूझकर अशांति पैदा करने की कोशिश की गई थी। मामले की अगली सुनवाई 8 अक्टूबर को होगी। हाईकोर्ट की यह टिप्पणी LPU में हुई हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की जांच को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान आई। याचिका में मामले की जांच CBI से कराने की मांग की गई है। कोर्ट ने पंजाब सरकार से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत स्थिति रिपोर्ट पेश करने को कहा है। 27 घंटे के अंतर से दोनों यूनिवर्सिटी में फैली अफवाह
चितकारा यूनिवर्सिटी के राजपुरा कैंपस में 25 सितंबर की रात सोशल मीडिया पर दो छात्राओं के गायब होने या आत्महत्या करने जैसी अफवाहें फैलने के बाद बड़ी संख्या में छात्र विरोध के लिए जुट गए थे। बाद में पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया था। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हुई और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आईं। कैंपस में तोड़फोड़ और आगजनी हुई
इसके करीब एक दिन बाद LPU में सोशल मीडिया पर एक छात्रा से कथित रेप और बाद में आत्महत्या की अफवाह फैल गई। इसके बाद छात्र विरोध के लिए जुटे और प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। कैंपस में तोड़फोड़ और आगजनी हुई, जबकि दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर भी करीब 18 घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। हाईकोर्ट ने पूछा- क्या दोनों घटनाओं के पीछे एक ही कड़ी थी?
हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से विशेष रूप से यह स्पष्ट करने को कहा कि चितकारा यूनिवर्सिटी और LPU में हुई घटनाओं के बीच कोई संबंध था या नहीं। कोर्ट ने रिपोर्ट में यह भी बताने को कहा है कि क्या किसी व्यक्ति या समूह ने सोशल मीडिया के जरिए दोनों संस्थानों में जानबूझकर अशांति पैदा करने की कोशिश की थी। पुलिस की जांच में दोनों घटनाओं में सोशल मीडिया पर फैली अपुष्ट सूचनाओं की भूमिका सामने आई है। दोनों मामलों में अफवाहें तेजी से फैलीं और उसके बाद छात्र बड़ी संख्या में विरोध के लिए जुटे। LPU मामले में CBI जांच की मांग वाली याचिका
LPU के एक छात्र ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर कर कैंपस में हुई हिंसा, आगजनी, तोड़फोड़ और कथित लूट की CBI से जांच कराने की मांग की है। याचिका में पुलिस की कार्रवाई और सोशल मीडिया पर वायरल हुए दावों की जांच की मांग भी उठाई गई है। हाईकोर्ट ने अब पंजाब सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *