Headlines

Egg Freezing Cost; Process, Advantages & Disadvantages Explained


.

ये मोहतरमा हैं अमेरिकी सांसद अलेक्जेंड्रिया। एग्स फ्रीजिंग का होर्मोनल इजेंक्शन लगा रही हैं। कहती हैं- व्यस्त राजनीतिक करियर के बीच मैंने ये फैसला अपने जीवन पर कंट्रोल पाने के लिए लिया, ताकि जब चाहे परिवार शुरू कर सकूं। 36 साल की अलेक्जेंड्रिया 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार हो सकती हैं।

आखिर एग फ्रीजिंग क्यों कराती हैं महिलाएं, इससे बच्चे कैसे पैदा होते हैं और क्या हैं इसके फायदे-नुकसान; आज के एक्सप्लेनर में सभी जरूरी सवालों के जवाब…

सवाल-1: एग फ्रीजिंग क्या है और ये कैसे होता है?

जवाब: एक सामान्य महिला पूरी जिंदगी में 400 से 500 अंडे प्रोड्यूस करती है। बढ़ती उम्र के साथ इन एग्स की क्वालिटी खराब होती जाती है और महिलाओं के प्रेग्नेंट होने की संभावना भी कम हो जाती है। इसलिए महिलाएं कम उम्र में ही अपने स्वस्थ अंडे फ्रीज करा लेती हैं, जिससे उम्र बढ़ने के बाद भी प्रेग्नेंसी में दिक्कत न हो।

असल में महिलओं की ओवरी यानी अंडाशय में छोटे-छोटे अविकसित अंडे होते हैं। इन्हें इंजेक्शन देकर विकसित किया जाता है। फिर सर्जरी के जरिए निकालकर फ्रीज कर दिया जाता है। इसे ही एग फ्रीजिंग या ‘ऊसाइट क्रायोप्रिजर्वेशन’ कहते हैं।

सवाल-2: फ्रीज किए गए एग से बच्चे कैसे पैदा होते हैं?

जवाब: जब भी महिला प्रेग्नेंट होना चाहती है, इन अंडों को लैब में स्पर्म के साथ फर्टिलाइज करके भ्रूण बनाकर महिला के गर्भाशय यानी यूटेरस में इम्प्लांट कर दिया जाता है। प्रक्रिया के ४ अहम स्टेप्स…

  • लिक्विड नाइट्रोजन टैंक से फ्रोजेन अंडे निकालकर उन्हें लैब में गलाया जाता है। करीब 98% तक अंडे सुरक्षित और जीवित बच जाते हैं।
  • हर अंडे में पार्टनर या डोनर के स्पर्म को सुई से इंजेक्ट करके इनक्यूबेटर में रखा जाता है। अगले करीब 16 घंटे में पता चल जाता है कि कितने अंडे फर्टिलाइज हुए हैं। इनको एम्ब्रियो कहा जाता है।
  • 5 दिन बाद इन्क्यूबेटर से सबसे अच्छा एक एम्ब्रियो चुनकर बहुत पतली प्लास्टिक पाइप (कैथेटर) के जरिए गर्भाशय में डाल दिया जाता है।
  • कुछ दिन बाद प्रेग्नेंसी टेस्ट से कन्फर्म किया जाता है कि महिला प्रेग्नेंट है या नहीं। इसके बाद की प्रकिया सामान्य प्रेग्नेंसी जैसी ही चलती है।

भारत में 2021 के असिस्टेड रिप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजी एक्ट, यानी ART एक्ट के अनुसार अधिकतम 10 साल के लिए एज फ्रीजिंग करवाई जा सकती है। दुनियाभर में अलग-अलग नियम हैं।

सवाल-3: किन महिलाओं के लिए एग फ्रीजिंग सबसे मुफीद होती है?

जवाब: ART एक्ट के नियमों के तहत 21 से 50 साल की उम्र तक की कोई महिला अपने एग्स फ्रीज करवा सकती है। पिछले कुछ सालों में भारत समेत दुनियाभर में एग फ्रीजिंग का ट्रेंड बढ़ रहा है। खासकर, 2020 में कोरोना के बाद, जब फैमिली प्लानिंग पर खुलकर बात की जाने लगी।

इंटरनेशनल स्टैंडर्ड ऑफ अकाउंटिंग एंड रिपोर्टिंग यानी ISAR की रिपोर्ट के मुताबिक, पूरी दुनिया में 2022 से 2024 के बीच एग फ्रीजिंग कराने वाली महिलाओं की संख्या 50% तक बढ़ी है।

गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. दीप्ति गुप्ता बताती हैं कि एग फ्रीजिंग उन महिलाओं के लिए वरदान है, जिनमें प्राकृतिक रूप से स्पर्म फर्टिलाइजेशन नहीं हो पाता या किसी और वजह से वह बच्चा कंसीव नहीं कर पातीं। वे महिलाएं, जिन्हें कैंसर है या फिर जो ज्यादा उम्र में मां बनना चाहती हैं, वह एग फ्रीजिंग के जरिए ऐसा कर सकती हैं।

कई वुमेन सेलिब्रिटीज ‘एग फ्रीजिंग’ इसलिए अपना रही हैं, ताकि अभी उन्हें करियर से ब्रेक न लेना पड़े और वह जब चाहें तब मां बन सकें। यंग वर्किंग प्रोफेशनल महिलाओं के बीच यह चलन काफी तेजी से बढ़ रहा है।

सुपरस्टार रामचरण की पत्नी उपासना ने पिछले दिनों कहा था- ‘महिलाओं के लिए सबसे बड़ा इंश्योरेंस अपने अंडे फ्रीज करना है। इससे वे अपनी मर्जी से तय कर सकती हैं कि शादी और बच्चे कब करने हैं।’

सानिया मिर्जा ने भी अपने एग फ्रीज कराने का खुलासा करते हुए कहा था- ये लाइफ का सबसे अच्छा फैसला है और सभी महिलाओं को एग फ्रीजिंग कराना चाहिए।

सवाल-4: अमेरिकी सांसद अलेक्जेंड्रिया एग फ्रीज क्यों करवा रही हैं?

जवाब: अलेक्जेंड्रिया ओकासियो-कोर्टेज ने एग फ्रीजिंग की प्रोसेस शुरू करते हुए बताया…

  • व्यस्त जीवन के बीच यह फैसला मैंने अपनी जिंदगी पर बेहतर कंट्रोल पाने के लिए लिया है, ताकि बेहतरीन पॉलिटिकल करियर के साथ मैं कभी भी अपना परिवार शुरू कर सकूं।
  • मौजूदा ट्रम्प प्रशासन अबॉर्शन और प्रेग्नेंसी के अधिकारों से छेड़छाड़ कर रहे हैं। एक लीडर होने के नाते मुझे इस पर खुलकर बोलना जरूरी है, ताकि महिलाओं को अपने शरीर और फैसलों पर अपना अधिकार महसूस हो।
  • मैं इसके बारे में लंबे वक्त से सोच रही थीं और सेविंग्स कर रही थीं। चाहती हूं कि महिलाएं अपने शरीर, फर्टिलिटी, प्यूबर्टी, और मेनोपॉज जैसे मुद्दों पर बेझिझक बात करें और प्रोफेशनल लाइफ के साथ पर्सनल लाइफ बैलेंस करें।
पिछले महीने कैपिटल हिल पर मीडिया से बात करती हुईं अलेक्जेंड्रिया। वे लंबे समय से महिलाओं के अबॉर्शन और प्रेग्नेंसी के अधिकार के लिए अवाज उठा रही हैं।

पिछले महीने कैपिटल हिल पर मीडिया से बात करती हुईं अलेक्जेंड्रिया। वे लंबे समय से महिलाओं के अबॉर्शन और प्रेग्नेंसी के अधिकार के लिए अवाज उठा रही हैं।

सवाल-5: एग फ्रीजिंग में कितना खर्च आता है?

जवाब: भारत में एग फ्रीजिंग में 1 से 2 लाख रुपए तक का खर्च आ सकता है। हालांकि, इसकी फाइनल कॉस्ट कई फैक्टर्स पर निर्भर करती है। जैसे- आपने कौन-सा क्लिनिक चुना है, कितने समय के लिए एग स्टोर करना चाहते हैं और इस दौरान डॉक्टर आपको किस तरह की एडिशनल दवाएं देते हैं।

इस प्रोसेस में कई एक्स्ट्रा चार्जेस भी होते हैं। जैसे-

  • अगर आप 10 साल के लिए एग फ्रीज करवाना चाहते हैं, तो आपको हर साल 10 से 30 हजार रुपए देने होंगे।
  • यदि एक साइकिल में कम एग्स मिलें, तो दोबारा पूरी प्रक्रिया करनी पड़ सकती है। इसमें दोबारा 50 हजार से 2 लाख रुपए तक का खर्च आ सकता है।
  • अगर हॉर्मोन इंजेक्शन की डोज ज्यादा लगें या स्पेशल मेडिसिन की जरूरत हो, तो खर्च बढ़ सकता है।

सवाल-6: क्या एग फ्रीजिंग के कुछ नुकसान भी होते हैं?

जवाब: एक्सपर्ट एग फ्रीजिंग को आम तौर पर एक ‘सेफ प्रोसेस’ बताते हैं, लेकिन कुछ मामलों में परेशानी भी हो सकती है। फर्टिलिटी एक्सपर्ट डॉ. मीरा शाह बताती हैं…

  • एग फ्रीजिंग के कुछ मामलों में बच्चेदानी में इन्फेक्शन, पेट में ब्लीडिंग या ओवरी ट्विस्ट होने जैसी परेशानियां आती हैं, लेकिन इसकी संभावना 0.5% से भी कम है।
  • हॉर्मोन इंजेक्शन के दौरान दी जाने वाली दवाईयों से पेट दर्द, उल्टी आना, ब्रेस्ट में दर्द, वैजाइनल डिस्चार्ज का बढ़ना, थकान, मूड स्विंग्स जैसी समस्याएं आ सकती हैं।
  • इन दवाइयों से सबसे बड़ा खतरा ओवेरियन हाइपरस्टिमुलेशन या OHSS नाम का सिंड्रोम होता है। इसमें बहुत ज्यादा एग्स बन जाने से ओवरी सूज जाती है और दर्द होता है, लेकिन पेशेंट की बेहतर मॉनिटरिंग करके इसे रोका जा सकता है।
  • हॉर्मोन की दवाइयों से पेट में पानी जमता है और भूख बढ़ने लगती है। वजन भी बढ़ सकता है। इसके लिए एक्सरसाइज करने की सलाह दी जाती है।
  • एग निकालने के दौरान हल्की एनेस्थीसिया यानी बेहोश करने वाली दवाई दी जाती है। इससे एलर्जी, सांस की दिक्कत या ब्लड प्रेशर से जुड़ी दिक्कतें आ सकती हैं।

2023 में अमेरिकन सिंगर केशा ने बताया कि उन्हें गंभीर कॉम्प्लिकेशन्स हुए। हॉर्मोन इंजेक्शन से ओवरी सूज गई और दर्द असहनीय था। उन्होंने महिलाओं को इससे बचने की सलाह दी।

2023 में ब्रिटिश टीवी स्टार विकी पैटिसन ने एक इंटरव्यू में कहा, ‘हॉर्मोन इंजेक्शन से पेट बहुत सूज गया, सिर्फ 3 एग्स ही यूजेबल निकले, जिससे मैं मानसिक रूप से टूट गई थी।’

————

ये खबर भी पढ़िए…

दुनिया में ऐसा क्या होने जा रहा कि अरबपति बच्चे चीनी भाषा सीख रहे; ट्रम्प की पोती, मस्क के बेटे तक शामिल

दुनिया के सबसे अमीर शख्स इलॉन मस्क का एक पोस्ट वायरल है। वो लिखते हैं- मेरा बेटा मैंडरिन (चाइनीज भाषा) सीख रहा है। मई 2026 में मस्क अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ चीन दौरे पर गए, तब भी उनका 6 साल का बेटा चीन की पारंपरिक कढ़ाई वाली जैकेट पहने साथ दिखा था। पूरी खबर पढ़िए…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *