Headlines

संगरूर में घर में डकैती, करीबी ने रची थी साजिश:48 घंटे में पुलिस ने तीन को गिरफ्तार, चोरी गए सोने चांदी के गहने और बाइक बरामद




संगरूर जिला पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए थाना सिटी-1 क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज डकैती के मामले को महज 48 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के गहने, नकदी और वारदात में इस्तेमाल हथियार व मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी संगरूर डॉ. रवजोत ग्रेवाल (IPS) ने बताया कि यह वारदात 7 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे हुई थी। दो अज्ञात बदमाश एक घर में जबरन दाखिल हुए और उन्होंने परिवार के सदस्यों को पिस्तौल जैसी वस्तु दिखाकर डराया-धमकाया। इसके बाद आरोपी घर से करीब चार तोले सोना, दस तोले चांदी के गहने और 2,600 रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए थे। शातिर आरोपी जाते-जाते सबूत मिटाने के इरादे से घर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे भी तोड़कर अपने साथ ले गए थे। आरोपियों से चोरी के सामान और बाइक बरामद वारदात के बाद थाना सिटी-1 संगरूर में मामला दर्ज कर पुलिस की विभिन्न टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों से घटना में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल और वारदात में डराने के लिए इस्तेमाल की गई एक खिलौना पिस्तौल 4 मोबाइल फोन, एक सोने की चेन, दो सोने की चूड़ियां, एक सोने की अंगूठी, तीन जोड़ी टॉप्स, चांदी की झंझरियां, दो नकली हार और नकदी बरामद की है। करीबी ने ही रची थी डकैती की साजिश पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। एसएसपी के मुताबिक, इस पूरी डकैती का मुख्य मास्टरमाइंड कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार का एक करीबी ही था। मुख्य आरोपी ने पहले घर के सदस्यों का विश्वास जीता और फिर घर की पूरी स्थिति जानकर डकैती की इस साजिश को अंजाम दिया। रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अब माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की जाएगी, जिससे इस गिरोह द्वारा की गई अन्य वारदातों और इस मामले से जुड़े कुछ और अहम खुलासे होने की उम्मीद है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *