![]()
करनाल के काछवा-बहलोलपुर रोड पर खराब सड़क के कारण ट्रैक्टर-ट्राली का संतुलन बिगड़ने से बड़ा हादसा हो गया। ट्रैक्टर-ट्राली खेतों में जाकर पलट गई। इस दौरान उस पर सवार पांच लोग नीचे जा गिरे और तीन लोग ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दब गए। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए। सभी उत्तर प्रदेश के शामली जिले के गांव उमरपुर के रहने वाले थे और करनाल में तूड़ी लेने आए थे। गड्ढे में ट्रैक्टर का पहिया जाते ही बिगड़ा संतुलन
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के शामली जिले के गांव उमरपुर से एक ही परिवार के पांच लोग ट्रैक्टर-ट्राली पर तूड़ी लेने के लिए करनाल आए थे। काछवा-बहलोलपुर रोड से गुजरते समय सड़क पर बने गड्ढे में ट्रैक्टर-ट्राली का संतुलन अचानक बिगड़ गया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्राली सड़क से नीचे खेतों में जाकर पलट गई। ट्रैक्टर पर सवार पांचों लोग नीचे गिर गए। इनमें तीन लोग ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दब गए।
मृतकों की पहचान अबरार पुत्र गुलजार, खालिद पुत्र गुलजार और फजरु पुत्र मामू के रूप में हुई है। अबरार और खालिद सगे भाई थे। तीनों एक ही परिवार के बताए गए हैं। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक की टांग टूटने की जानकारी सामने आई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनके परिजन उन्हें करनाल से रेफर करवाकर अपने इलाके में ले गए। ग्रामीण बोले- कई बार उठाई सड़क निर्माण की मांग
हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय निवासी निदान सिंह, पप्पू व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि काछवा-बहलोलपुर रोड की हालत काफी खराब है। सड़क पर गड्ढों की वजह से पहले भी हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर कई बार आवाज उठाई गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की खराब हालत के कारण आज तीन लोगों की जान चली गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिसकर्मी संदीप ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
Source link
करनाल में ट्रैक्टर के नीचे दबे तीन लोग की मौत:दो की हालत गंभीर,सड़क के गड्ढे से बिगड़ा संतुलन, खेतों में पलटी ट्रैक्टर-ट्राली
