![]()
दरभंगा में 6 कारतूस और लोडेड पिस्टल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दरभंगा-शोभन बाइपास स्थित चाय नगरी नाम की दुकान पर छापेमारी की। गिरफ्तार युवक बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझौल गांव निवासी रीतेश कुमार (23) के रूप में हुई है। बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया कि चाय दुकान पर कुछ अपराधी प्रवृत्ति के लोग बैठे हुए हैं। गश्ती दल को मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम जैसे ही चाय की दुकान के पास पहुंची, पुलिस की गाड़ी देखते ही कुछ युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के इलाके में उनकी तलाश भी की, लेकिन वे हाथ नहीं आए। इसी दौरान एक युवक दुकान पर ही बैठा रह गया। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कमर से एक पिस्टल बरामद हुई। पिस्टल में छह जिंदा कारतूस लोड थे। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस पुलिस ने बरामद पिस्टल और कारतूस को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार युवक को थाना लाकर उससे हथियार के संबंध में पूछताछ की गई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक के पास पिस्टल कहां से पहुंची और वह इसे लेकर चाय की दुकान पर किस उद्देश्य से बैठा था। फरार युवकों के बारे में पुलिस अब पता लगा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटा रही है, ताकि फरार युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तार रीतेश कुमार सिंह के संबंध में पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। इसके अलावा पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार का किसी आपराधिक घटना में इस्तेमाल तो नहीं किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link
चाय की दुकान पर हथियार के साथ युवक गिरफ्तार:6 कारतूस भी मिले, बाकी के बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
