Headlines

ईडी की पंजाब-चंडीगढ़ में 11 ठिकानों पर रेड:प्लॉट आवंटन घोटाले में बड़ा एक्शन, 4.01 करोड़ रुपए फ्रीज; नकदी भी बरामद




प्रवर्तन निदेशालय के जालंधर जोनल ऑफिस ने पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन (PSIEC) में हुए करोड़ों रुपए के इंडस्ट्रियल प्लॉट आवंटन घोटाले के सिलसिले में पंजाब और चंडीगढ़ के 11 ठिकानों पर बड़ी छापेमारी की है। PMLA के तहत की गई इस कार्रवाई में ED ने अधिकारियों के रिश्तेदारों और करीबियों को नियम ताक पर रखकर प्लॉट बांटने के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। तलाशी में ED को 12.15 लाख रुपए की अघोषित नकदी, कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस बरामद हुए हैं। इसके अलावा, PSIEC के 2 पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों के बैंक खातों में जमा करीब 4.01 करोड़ रुपए की राशि को तुरंत प्रभाव से फ्रीज (रुकवा) कर दिया गया है। 3 दिनों तक चली ताबड़तोड़ छापेमारी प्रवर्तन निदेशालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत 04 अगस्त, 05 अगस्त और 06 अगस्त को लगातार तीन दिनों तक व्यापक तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई चंडीगढ़, अमृतसर, गुरदासपुर और लुधियाना स्थित 11 अलग-अलग परिसरों पर एक साथ की गई। इसके साथ ही ED की टीम ने पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन (PSIEC) के मुख्य कार्यालय में पहुंचकर सर्वेक्षण (Survey) की प्रक्रिया भी पूरी की। रिश्तेदारों और चहेतों को बांटे गए थे कीमती प्लॉट आरोप है कि PSIEC के तत्कालीन अधिकारियों ने सरकारी नियमों और प्रक्रियाओं को ताक पर रखकर अपने रिश्तेदारों, दोस्तों और व्यावसायिक सहयोगियों के नाम पर कीमती औद्योगिक प्लॉट आवंटित किए थे। इस फर्जीवाड़े के जरिए बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग (काले धन को सफेद करने) की आशंका जताई जा रही है। 4 करोड़ से ज्यादा की रकम फ्रीज, नकदी भी बरामद छापेमारी के दौरान ED ने PSIEC के दो पूर्व अधिकारियों सुरिंदर पाल सिंह (सेवानिवृत्त मुख्य महाप्रबंधक/Retd. CGM) और जसविंदर सिंह रंधावा (सेवानिवृत्त महाप्रबंधक) पर शिकंजा कस दिया है। जांच एजेंसी ने कार्रवाई करते हुए इन दोनों पूर्व अधिकारियों के बैंक खातों में जमा लगभग 4.01 करोड़ रुपये की राशि को फ्रीज कर दिया है। इसके अलावा, विभिन्न ठिकानों पर की गई तलाशी के दौरान 12.15 लाख रुपए की अघोषित नकदी भी जब्त की गई है। ED की टीमों ने परिसरों से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस (जैसे हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव और मोबाइल) भी जब्त किए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *