Headlines

तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत:कमल का फूल निकालने के दौरान हुआ हादसा, तालाब की गहराई अधिक होने के कारण हुआ हादसा




गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव में शुक्रवार सुबह तालाब में डूबने से दो 13 वर्षीय बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान रानीखावा निवासी शंकर रजक के पुत्र हार्दिक रजक और विष्णु रजक के पुत्र प्रेम रजक के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब सात बजे हार्दिक और प्रेम अपने एक अन्य साथी के साथ सड़क किनारे स्थित तालाब के पास पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे तालाब से कमल का फूल निकालने के लिए पानी में उतरे थे। तालाब की गहराई अधिक होने के कारण वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद बच्चे ने तत्काल गांव पहुंचकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में तालाब के पास पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना देर किए तालाब में उतरकर दोनों बच्चों की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। घटना की जानकारी पचंबा थाना पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को तत्काल इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की। उन्होंने पुष्टि की कि तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दो बच्चों की एक साथ मौत की खबर से रानीखावा गांव में गम का माहौल है। मृतकों के घर पर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *