![]()
चंडीगढ़ में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया तिरंगा फहराएंगे। इसके लिए सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए प्रशासन की ओर से यातायात सलाह जारी की गई है और कई रूट डायवर्ट किए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर चंडीगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सेक्टर-17 और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। समारोह में आने वाले लोगों और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया गया है। पुलिस-सुरक्षा बलों ने किया मार्च पास्ट फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान चंडीगढ़ पुलिस, सशस्त्र बलों, पुलिस बैंड और एनएसएस विद्यार्थियों की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया। सभी टुकड़ियों ने तय क्रम और समय के अनुसार परेड का अभ्यास किया। रिहर्सल में यह भी देखा गया कि मुख्य समारोह के दौरान विभिन्न टुकड़ियां किस क्रम में परेड ग्राउंड में प्रवेश करेंगी और मार्च पास्ट किस तरह पूरा होगा। अधिकारियों ने परेड से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को बारीकी से जांचा। स्कूली बच्चों ने दिखाई देश की संस्कृति समारोह में स्कूली बच्चों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए जाएंगे। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान बच्चों ने देश की संस्कृति और अलग-अलग राज्यों की झलक दिखाते हुए नृत्य और अन्य प्रस्तुतियां दीं। प्रशासन की ओर से मंच व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समय, प्रतिभागियों के बीच तालमेल और कार्यक्रमों के क्रम की भी जांच की गई, ताकि मुख्य समारोह के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। रिहर्सल के दौरान चंडीगढ़ के उपायुक्त निशांत कुमार यादव भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों के साथ समारोह स्थल का निरीक्षण किया। सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था, यातायात, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने समारोह स्थल पर आने वाले लोगों के प्रवेश और बैठने की व्यवस्था का भी जायजा लिया। प्रशासक कटारिया फहराएंगे तिरंगा स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में आज चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके बाद परेड का निरीक्षण और मार्च पास्ट होगा। समारोह में पुलिस और विभिन्न टुकड़ियां हिस्सा लेंगी। स्कूली बच्चों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। मुख्य समारोह को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। कई रास्तों पर यातायात डायवर्ट परेड ग्राउंड सेक्टर-17 के आसपास निम्न सड़क मार्गों पर यातायात बंद या डायवर्ट रहेगा: सेक्टर-16/17/22/23 के गोलचक्कर से उद्योग पथ पर सेक्टर-22-ए स्थित गुरदियाल सिंह पेट्रोल पंप तक। पुरानी जिला अदालत, सेक्टर-17 से परेड ग्राउंड के पीछे शिवालिक होटल तक। नगर निगम कार्यालय सेक्टर-17 के पास लायंस रेस्तरां लाइट प्वाइंट से परेड ग्राउंड तक। सेक्टर-22/23 लाइट प्वाइंट से सेक्टर-16/17-22/23 के गोलचक्कर तक। सेक्टर-16/23 के छोटे चौक से सेक्टर-16/17-22/23 के गोलचक्कर तक। इन मार्गों पर कार्यक्रम खत्म होने तक आम वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। सेक्टर-22-ए मार्केट के सामने पार्किंग बंद सेक्टर-22-ए मार्केट में दुकानों के सामने सुबह 6:30 बजे से समारोह खत्म होने तक आम लोगों के वाहन खड़े नहीं हो सकेंगे। जिन खास मेहमानों के पास पार्किंग का अनुमति पत्र होगा, वे सेक्टर-16/17/22/23 गोलचक्कर यानी क्रिकेट स्टेडियम चौक से उद्योग पथ होते हुए परेड ग्राउंड पहुंच सकेंगे। उनके वाहनों की पार्किंग सेक्टर-22-ए मार्केट के सामने की जाएगी।
Source link
चंडीगढ़ में प्रशासक गुलाब चंद कटारिया फहराएंगे तिरंगा:कई रूट डायवर्ट, पुलिस और सुरक्षा बलों ने किया मार्च पास्ट, सेक्टर-22-ए मार्केट के सामने पार्किंग बंद
