Headlines

हजारीबाग में पति की मौत; पत्नी पर हत्या का आरोप:सुबह 3 बजे घर से आई रोने की आवाज, चेहरे-गर्दन पर मिले नाखून जैसे निशान




हजारीबाग के इचाक थाना क्षेत्र के बोंगा गांव में 40 वर्षीय वीरेंद्र प्रजापति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने वीरेंद्र की पत्नी संजू देवी पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार शाम तक परिवार में सब कुछ सामान्य था। रात में वीरेंद्र और संजू देवी एक ही कमरे में सो रहे थे। शनिवार सुबह करीब 3 बजे अचानक वीरेंद्र की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वीरेंद्र के चेहरे और गर्दन पर नाखून जैसे निशान देखे। इसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद गांव में भी तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना से जुड़ी तस्वीरें देखें… भाई बोला- कमरे में दोनों मौजूद थे मृतक के भाई राहुल कुमार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि घटना के समय कमरे में वीरेंद्र और उसकी पत्नी दोनों मौजूद थे। ऐसे में पूरी सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकती है। उन्होंने मामले में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पड़ोसी प्रदीप प्रजापति ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 3 बजे वीरेंद्र के घर से रोने की आवाज सुनाई दी थी। आवाज सुनकर वह घर से बाहर निकले और जानकारी लेने पहुंचे। इसी दौरान वीरेंद्र की मौत की जानकारी मिली। प्रदीप ने भी मृतक के चेहरे और गर्दन के आसपास निशान होने की बात कही। उन्होंने पुलिस से मामले की गहराई से जांच कर मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है। परिजनों के अनुसार वीरेंद्र और संजू देवी की शादी करीब 12 वर्ष पहले हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पत्नी हिरासत में, हो रही पूछताछ इचाक थाना प्रभारी गौतम कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम बोंगा गांव पहुंची थी। परिवार की ओर से वीरेंद्र की पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने संजू देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले तथ्यों और परिजनों के आरोपों की भी जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही वीरेंद्र की मौत के वास्तविक कारण का पता चल पाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *