प्रथम चौधरी | गाजियाबाद3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

गाजियाबाद नगर निगम 12 जुलाई को शहर में वृहद पौधारोपण अभियान चलाएगा। इस अभियान के तहत सभी 100 वार्डों, लगभग 1400 पार्कों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर कुल 1 लाख 40 हजार पौधे लगाए जाएंगे। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए नगर निगम अधिकारियों ने उद्यान विभाग के साथ बैठक कर जिम्मेदारियां तय कर दी हैं।
बैठक में वरिष्ठ प्रभारी उद्यान नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज और हेड माली सुपरवाइजर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विभिन्न जोन और वार्डों के लिए टीमों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सभी वार्डों में स्थानीय पार्षदों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पौधारोपण किया जाएगा। अधिकांश स्थानों पर इसके लिए गड्ढे पहले ही खोदे जा चुके हैं।

अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम ने लगभग 800 मालियों और 30 विशेष टीमों का गठन किया है। पौधारोपण के बाद प्रत्येक पौधे का जियो टैग फोटो और अन्य विवरण ‘हरितिमा अमृत वन’ ऐप पर अपलोड किया जाएगा, जिससे अभियान की निगरानी और रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।
प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज ने बताया कि इस वर्ष नगर निगम को 1 लाख 40 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। वन महोत्सव सप्ताह के दौरान विजयनगर क्षेत्र में अब तक लगभग 40 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं।
12 जुलाई को विजयनगर से इस अभियान की शुरुआत होगी, जिसके बाद पूरे शहर में एक साथ पौधारोपण किया जाएगा। पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकतानुसार ट्री गार्ड और तार फेंसिंग भी लगाई जाएगी।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहरवासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाया जाए। उन्होंने नागरिकों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया। नगर निगम का लक्ष्य जनसहभागिता के माध्यम से शहर की हरियाली बढ़ाना और वायु गुणवत्ता में सुधार लाना है।

