Headlines

48 घंटे में गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद सड़क से हटे लोग , खुला जाम




थाना क्षेत्र के हेसला स्थित जीटी रोड सर्विस रोड पर कपसा मोड़ के समीप गुरुवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने 32 वर्षीय युवक मिथिलेश यादव की हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हत्या से आक्रोशित लोगों ने सुबह करीब छह बजे जीटी रोड सिक्सलेन को जाम कर दिया। करीब ढाई घंटे तक यातायात बाधित रहा। अधिकारियों के 48 घंटे के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद सुबह 8:30 बजे जाम हटाया गया। मृतक हेसला निवासी मिथिलेश यादव अविवाहित था और गांव में बाइक सर्विस सेंटर चलाता था। उसके पिता का पूर्व में निधन हो चुका है। बताया गया कि मिथिलेश लंबे समय से भाजपा से जुड़ा था और वर्तमान में बगोदर के औरा मंडल में संगठन मंत्री के पद पर कार्यरत था। उसकी हत्या की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं में भी आक्रोश है। सड़क जाम के कारण जीटी रोड के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलने पर बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह, एसडीपीओ धनंजय कुमार राम, उप प्रमुख हरेंद्र सिंह, माले नेता रामेश्वर यादव व पूरन महतो, सांसद प्रतिनिधि महेश मिश्रा समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस गश्ती दल पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल जाम के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप था कि रात के समय इलाके में पुलिस गश्ती पर्याप्त नहीं होती, जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, हाल के दिनों में क्षेत्र में छिनतई की दो घटनाएं भी हुई हैं, जिनका अब तक खुलासा नहीं हुआ है। लोगों ने कहा कि मुख्य मार्ग के किनारे हत्या की घटना पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। माथे और हाथ पर मिले कई चोट के निशान पुलिस के अनुसार, मृतक के माथे और हाथ पर चोट के निशान मिले हैं। मिथिलेश देर रात घर से कपसा मोड़ स्थित बाइपास रोड तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, पुलिस इसकी जांच कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग से डॉग स्क्वायड की टीम भी बुलाई गई। टीम ने सुबह करीब 10:30 से 11:30 बजे तक घटनास्थल और आसपास के इलाकों की जांच की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। जल्द होगा हत्याकांड का खुलासा : एसडीपीओ एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *