अजमेर महिला जेल में बंद हत्याकांड की कैदियों से अपने घर की सफाई कराने के मामले में जेलर दिव्या चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने महिला जेल की जेलर को कोटा स्थित एक आवासीय फ्लैट से अरेस्ट किया है।
.
आरोप है कि जेलर हत्या के मामले में बंद 2 महिला कैदियों को अपने अजमेर के एआरजी सिटी स्थित निजी फ्लैट पर सफाई करवाने ले गई थी। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने महिला जेलर को कोर्ट में पेश कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले में शामिल महिला प्रहरी सोनिया अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। बुधवार को मामले का खुलासा सीओ शिवम जोशी की ओर से किया गया।

आरोपी जेलर दिव्या चौधरी को अजमेर सेंट्रल जेल में ले जाते हुए महिला पुलिसकर्मी।
मेन गेट पर तैनात महिला स्टाफ को धमकाकर बाहर निकाला था
मामला 12 जुलाई 2026 का है। पुलिस के अनुसार तत्कालीन जेल प्रभारी दिव्या चौधरी ने महिला प्रहरी सोनिया चौधरी के साथ मिलकर जेल में बंद दो महिला बंदियों को बाहर ले जाने की योजना बनाई। आरोप है कि मेन गेट पर ड्यूटी कर रही महिला कर्मचारियों ने विरोध किया तो दोनों ने उन्हें डराया-धमकाया।
इसके बाद बिना कोर्ट की अनुमति और जेल रिकॉर्ड में आवश्यक एंट्री किए दोनों बंदियों को निजी गाड़ी से जेल से बाहर ले जाया गया। इनमें आजीवन कारावास की सजा काट रही मर्डर की बंदी किरण और एक विचाराधीन बंदी सना शामिल थी।

सीओ उत्तर शिवम जोशी ने बताया कि दोनों बंदियां जेल की अभिरक्षा में थीं और उन्हें बिना निर्धारित अनुमति व प्रक्रिया के जेल से बाहर ले जाया गया था। घटना सामने आने के बाद दोनों बंदियों को वापस जेल दाखिल करवाया गया और उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई।
सस्पेंड होने के बाद मुख्यालय से भी गैरहाजिर
मामला सामने आने के बाद कारागार मुख्यालय ने तत्कालीन प्रभारी जेलर दिव्या चौधरी और महिला प्रहरी सोनिया चौधरी को सस्पेंड कर दिया था। जांच को प्रभावित होने से रोकने के लिए दोनों के मुख्यालय भी बदल दिए गए थे। पुलिस के अनुसार निलंबन के बाद दोनों अपने निर्धारित मुख्यालय से गैरहाजिर हो गईं और गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गईं।
इसके बाद सेंट्रल के प्रहरी महिपाल की रिपोर्ट पर सिविल लाइंस थाने में 5 अगस्त 2026 को मुकदमा नंबर 209/2026 दर्ज किया गया।

अजमेर सेंट्रल जेल।
साइबर सेल ने लोकेशन ट्रेस की, कोटा में फ्लैट से पकड़ा
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल के निर्देश पर एएसपी हिमांशु जांगिड़ और सीओ शिवम जोशी के सुपरविजन में सिविल लाइंस थाना पुलिस की विशेष टीम बनाई गई। टीम का नेतृत्व थानाधिकारी शम्भू सिंह ने किया।
पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। तकनीकी साक्ष्यों और डेटा के आधार पर पुलिस टीम को दिव्या चौधरी के कोटा में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे कोटा स्थित एक आवासीय फ्लैट से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मामले में फरार महिला प्रहरी सोनिया चौधरी की तलाश जारी है। जांच में घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।
—
ये खबर भी पढ़ें…
हत्या की आरोपी महिला कैदियों को जेल से बाहर घुमाया: पुलिसकर्मी ही बिना परमिशन बाहर लेकर गई; अब FIR दर्ज

अजमेर सेंट्रल जेल से दो महिला बंदियों को कोर्ट की अनुमति के बिना बाहर ले जाया गया। दोनों हत्या के मामले में जेल में बंद है। जांच में सामने आया कि तत्कालीन महिला जेलर महिला प्रहरी ही दोनों को बाहर लेकर गई थी। ऐसे में दोनों महिला पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया। अब पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। (पूरी खबर पढ़ें)
