Headlines

एक दिन की मुखिया बनी 8वीं स्टूडेंट ने फहराया झंडा:सुपौल में पंचायत स्तरीय प्रतियोगिता में आई थी प्रथम, दूसरे-तीसरे स्थान वाली छात्राओं को भी जिम्मेदारी




सुपौल के मरौना प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। गनौरा पंचायत में समारोह इस बार खास रहा। पंचायत स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली आठवीं कक्षा की छात्रा सोनी कुमारी को एक दिन के लिए मुखिया बनाया गया। स्वतंत्रता दिवस पर सोनी ने राष्ट्रध्वज फहराकर समारोह की शुरुआत की। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण और बच्चे मौजूद रहे। 54 छात्राओं ने दी थी परीक्षा गनौरा पंचायत के मुखिया जितेंद्र कुमार ने छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और पंचायत की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से प्रतियोगिता आयोजित कराई थी। परीक्षा में कुल 54 छात्राओं ने हिस्सा लिया। इनमें सोनी कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके बाद उन्हें एक दिन के लिए मुखिया की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिम्मेदारी मिलने पर सोनी ने कहा कि वह बहुत खुश हैं और इस पहल से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला। उन्होंने कहा कि पंचायत की जिम्मेदारी संभालते हुए उनका विशेष ध्यान महिलाओं की समस्याओं पर रहेगा। महिलाओं को खुलकर बात रखने का मौका मुखिया जितेंद्र कुमार ने बताया कि पांच वर्षों के कार्यकाल में उन्हें महसूस हुआ कि कई महिलाएं अपनी मूलभूत समस्याएं खुलकर सामने नहीं रख पाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई। उनका उद्देश्य है कि महिलाएं एक छात्रा के सामने सहज होकर अपनी समस्याएं रखें। इन समस्याओं को पंचायत की योजनाओं में शामिल कर समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। दूसरे-तीसरे स्थान वाली छात्राओं को भी जिम्मेदारी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली सुरची कुमारी और तृतीय स्थान की आरती कुमारी को भी पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था समझने का मौका दिया गया। दोनों को पंचायत सचिव, पंचायत रोजगार सेवक, विकास मित्र, किसान सलाहकार, आवास सहायक और स्वच्छता पर्यवेक्षक सहित विभिन्न कर्मियों की भूमिका की जानकारी दी जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *