![]()
न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग बाइक चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 1 लाख रुपए कीमत की चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, न्यू राजेंद्र नगर निवासी सौरभ सिंह ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 जुलाई की रात उन्होंने अपनी स्प्लेंडर प्लस (CG-27-S-9375) घर के नीचे पार्क की थी। अगले दिन सुबह बाइक गायब मिली। मामले में अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इसी थाना क्षेत्र में अमलीडीह तालाब स्थित शीतला मंदिर के पास से रोहित कुमार रजक की सुपर स्प्लेंडर (CG-25-Q-3513) भी चोरी हो गई थी। इस मामले में भी न्यू राजेंद्र नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने निरमलेश तिवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने दोनों बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दोनों मोटरसाइकिल बरामद कर ली हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी निरमलेश तिवारी (33) मूल रूप से मध्य प्रदेश के रीवा जिले के हनुमना थाना क्षेत्र के ग्राम डोल का रहने वाला है। वर्तमान में वह रायपुर के अमलीडीह स्थित सिंधु वाटिका में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
रायपुर में दो बाइक चोरी का खुलासा: आरोपी गिरफ्तार:1 लाख की 2 मोटरसाइकिल बरामद
