तलुन खाटू श्याम मंदिर समिति परेशान, पुलिस से मांगी सुरक्षा।:श्रद्धालु आहत, कोतवाली में ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग




बड़वानी के तलुन स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर समिति और गांव के सैकड़ों लोग रविवार दोपहर शहर कोतवाली थाने पहुंचे। वे मंदिर की धार्मिक गतिविधियों को बदनाम करने और असामाजिक तत्वों द्वारा लगातार की जा रही झूठी शिकायतों से आहत थे। उन्होंने थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। समिति के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से कुछ द्वेष भावना रखने वाले व्यक्ति मंदिर की पवित्रता और व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों और पुलिस कार्यालयों में मंदिर के खिलाफ असत्य, निराधार और मनगढ़ंत शिकायतें कर रहे हैं। इससे न केवल मंदिर प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है, बल्कि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही हैं। ज्ञापन सौंपते समय समिति सदस्यों ने बताया कि श्री खाटू श्याम मंदिर, तलुन में नियमित रूप से पूजा-पाठ, धार्मिक आयोजन और भंडारे जैसी जनहितैषी गतिविधियां पूरी तरह शांतिपूर्ण और कानूनी दायरे में संचालित की जाती हैं। मंदिर की सभी गतिविधियां सर्व समाज की सुख-शांति के लिए आयोजित की जाती हैं। समिति ने स्पष्ट किया कि कुछ लोग निजी दुश्मनी और स्वार्थ के चलते मंदिर की पवित्रता को भंग करने के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं। इन मनगढ़ंत शिकायतों के कारण श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश है। समिति ने थाना प्रभारी के समक्ष तीन मुख्य मांगें रखीं। पहली, मंदिर के खिलाफ की गई सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। दूसरी, जांच में शिकायतें झूठी पाए जाने पर शिकायतकर्ताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्भावनापूर्ण हरकतें रोकी जा सकें। तीसरी, धार्मिक श्रद्धालुओं, मंदिर परिसर और समिति के सदस्यों को सुरक्षा एवं न्याय प्रदान किया जाए। समिति ने आश्वासन दिया कि वे जांच में सहयोग के लिए मंदिर से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज और जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर हैं। थाना प्रभारी ने समिति को आश्वस्त किया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में गांव के गणमान्य नागरिक, महिला और पुरुष श्रद्धालु उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *