दुबई से चंडीगढ़ आई IndiGo की फ्लाइट में यात्रा करने वाले एक यात्री ने अपना सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिलने की शिकायत की है। यात्री राहुल सिंह ने सोशल मीडिया पर IndiGo को टैग करते हुए बैग की तस्वीरें साझा कीं और नुकसान के लिए उचित मुआवजे की मांग की।
.
राहुल सिंह के मुताबिक, उन्होंने 15 अगस्त 2026 को फ्लाइट 6E 1482 से दुबई से चंडीगढ़ के लिए यात्रा की थी। उनका आरोप है कि एयरपोर्ट पर सामान वापस मिलने के समय बैग बुरी तरह टूटा हुआ था। उन्होंने लिखा कि उन्होंने सुरक्षित यात्रा के लिए भुगतान किया था और अपना सामान एयरलाइन की जिम्मेदारी में सौंपा था, ऐसे में इस हालत में सामान लौटाया जाना स्वीकार्य नहीं है।

यात्री की तरफ से की गई शिकायत
यात्री ने कहा- सामान्य माफी नहीं, जिम्मेदारी लें
यात्री ने एयरलाइन से मामले का तत्काल समाधान करने और क्षतिग्रस्त सामान का उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें केवल सामान्य माफी या औपचारिक जवाब नहीं चाहिए, बल्कि एयरलाइन को नुकसान की जिम्मेदारी लेकर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

IndiGo ने मांगी PIR की कॉपी
शिकायत के जवाब में IndiGo ने यात्री से पूछा कि क्या उन्होंने एयरपोर्ट के अराइवल एरिया में सामान क्षतिग्रस्त होने की शिकायत दर्ज कराई थी। एयरलाइन ने कहा कि यदि शिकायत दर्ज कराई गई है तो PIR (Property Irregularity Report) की कॉपी सोशल मीडिया के जरिए निजी संदेश (DM) में साझा करें, ताकि मामले की जांच की जा सके। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यात्री ने एयरपोर्ट पर PIR दर्ज कराया था या नहीं।
